विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के चंपारण में बड़ा हादसा, सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा; 5 की मौत

Published: Sat, 22 Aug 2026 07:48 AM (IST)

पश्चिमी चंपारण के NH-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो ...और पढ़ें

HighLights

  1. NH-727 पर बस ने ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंदा।

  2. हादसे में पांच लोगों की मौत, पांच अन्य घायल हुए।

  3. छठिहार समारोह के दौरान हुई यह दर्दनाक घटना।

जागरण संवाददाता, बेतिया/लौरिया। पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में एनएच-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

बताया गया कि छठियार के भोज के दौरान वहां तेज आवाज में आर्केस्ट्रा चल रहा था। भोज समाप्त होने के बाद कई लोग मुख्य सड़क के समीप खड़े थे। इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही तेज रफ्तार शाही बस ने लोगों को रौंद दिया।

हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जीएमसीएच, बेतिया पहुंचाया गया।

मृतकों की पहचान

हादसे में घायल अजित कुमार (18) की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। मृतकों में बनकटवा वार्ड 10 निवासी छांगूर राम (66), वार्ड 09 निवासी भोला दुबे (35), बसवरिया वार्ड 13 निवासी संजय कुमार (28), वार्ड 12 निवासी बहादुर महतो (45), पराउटोला वार्ड 10 निवासी देवेंद्र दुबे (35) शामिल है।शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं हादसे में मंचन महतो (50), श्याम बाबू (14), नरेश राम (35) और अजित कुमार (18) घायल हुए हैं। सभी का इलाज जीएमसीएच, बेतिया में चल रहा है। अजित कुमार की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है।

बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही यातायात डीएसपी अतनु दत्ता, नरकटियागंज एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह, सदर एसडीपीओ अजीत कुमार, लौरिया बीडीओ संजीव कुमार, थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान समेत चार इंस्पेक्टर और सात थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची थी।

अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शाही बस (बीआर 22पीए 5455) को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और हादसे की जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव मिलने तक गम में डूबे रहे लोग

इस दर्दनाक हादसे को लेकर हर ओर शोक और संवेदना का माहौल बना रहा। पुलिस ने सड़क हादसे में मारे गए सभी पांच लोगों के शवों का पोस्टमार्टम शनिवार की सुबह जीएमसीएच में कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए।

इसके बाद परिजन एंबुलेंस और निजी वाहनों से शवों को लेकर अपने-अपने घर रवाना हुए। शवों के घर पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से बनकटवा, बसवरिया और पराउटोला क्षेत्र में मातम पसरा रहा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचने लगे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इधर, जीएमसीएच के पोस्टमार्टम परिसर में भी सुबह से लोगों की भीड़ जुटी रही।

मृतकों के परिजन और परिचित शव मिलने का इंतजार करते रहे। लोगों की मौजूदगी के बावजूद परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। हर किसी के चेहरे पर घटना का गम साफ दिखाई दे रहा था। शव सौंपे जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।

छठियार की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदली

बताया गया कि धर्मेंद्र दुबे के पुत्र के छठियार को लेकर भोज का आयोजन किया गया था। इसी भोज में छांगूर राम समेत अन्य लोग शामिल हुए थे। भोज के दौरान तेज आवाज में आर्केस्ट्रा चल रहा था।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोग मुख्य सड़क पर खड़े हुए। इसी दौरान तेज गति से आ रही बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिस जगह कुछ देर पहले तक उत्सव का माहौल था, वहीं देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई।

किसी ने पिता तो किसी ने कमाऊ सदस्य खोया

लौरिया-बेतिया मुख्य मार्ग पर हुए बस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतकों में दो बस चालक भोला दुबे (35) और देवेंद्र दुबे (35) भी शामिल हैं। दोनों पीयूष बस में चालक के रूप में कार्यरत थे।

भोला बनकटवा वार्ड 9 और देवेंद्र पराउटोला वार्ड 10 के निवासी थे। दोनों की मौत से उनके परिवार के साथ सहकर्मियों में भी शोक है। बसवरिया वार्ड 12 निवासी बहादुर महतो (45) की मौत से चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

उनकी पत्नी अनिता देवी के साथ आठ, छह और चार वर्ष की तीन बेटियां तथा 15 वर्षीय पुत्र अर्जुन कुमार है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।

बसवरिया वार्ड 13 निवासी संजय कुमार (28) राजकीय उच्च विद्यालय बनकटवा में रात्रि प्रहरी थे। उनके पीछे पत्नी मनीषा देवी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

वहीं, बनकटवा वार्ड 10 निवासी छांगूर राम (66) मजदूरी कर परिवार चलाते थे। छठियार भोज में शामिल होने के बाद सड़क किनारे खड़े थे, तभी बस की चपेट में आ गए। उनके तीन पुत्र जियुत, जितेंद्र और रविंद्र राम हैं।

यह भी पढ़ें- NEET धांधली: मुख्य सरगना डॉ. रविशंकर और उसका भाई 48 घंटे की EOU रिमांड पर, हो सकते हैं कई खुलासे