पश्चिम चंपारण में छात्र को अर्धनग्न कर पीटा, जूते पर थूक चटवाने का वीडियो वायरल, चार गिरफ्तार
पश्चिम चंपारण के मझौलिया में आठवीं के छात्र को बेरहमी से पीटा गया, जूते की माला पहनाई गई और थूक चटवाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्कूल सं ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)
HighLights
आठवीं के छात्र को बेरहमी से पीटा गया।
जूते की माला पहनाकर थूक चटवाया गया।
स्कूल संचालक समेत चार लोग हिरासत में।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण) । मझौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में आठवीं कक्षा के छात्र को बंधक बनाने एवं जूतों का माला पहनाकर बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
हालांकि वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले में स्कूल के संचालक , दो जनप्रतिधि समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपितों की जांच हो रही है।
प्रसारित वीडियो में दिख रहा हैं कि छात्र को पहले दौड़ाकर पिटाई की जा रही है। फिर पेड़ में बांधकर बेल्ट से करीब एक दर्जन युवा बारी- बारी से मारपीट कर रहे हैं और उसके शरीर के सभी कपड़े उतारकर जूतों की माला पहनाकर केवल अंडरवियर में उसकी बेरहमी से पिटाई हो रही है।
करीब आधे घंटे की बर्बरता की अलग- अलग नौ वीडियो है, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित है। दो मिनट 11 सेकंड की एक वीडियो में जूते पर थूक कर छात्र से चटवाने जैसी शर्मनाक हरकत भी दिखाई दे रही है।
उसे राखी बांधने और मोबाइल एवं फोटो के लेन- देन नहीं करने की कसम दिला रहे हैं। दरहसल, पीड़ित एक प्राइवेट स्कूल में आठवीं का छात्र हैं।
वह स्कूल से साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रास्ते में पकड़ लिया और बंधक बनाकर सरेह में ले गए , जहां सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए मारपीट की।
वीडियो में विद्यालय के एक शिक्षक भी दिखाई दे रहे है। वे पीड़ित छात्र को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। दरअसल, यह घटना बीते 13 मई की है। शर्म के मारे छात्र ने अपने स्वजन को इसकी जानकारी नहीं दी।
लेकिन पिटाई के कारण तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इस बीच, स्कूल के संचालक और दो जनप्रतिनिधियों समेत ग्रामीणों ने मामले में समझौता करा दिया।
पीड़ित के परिजनों का कहना है कि दो दिन पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा थाने में नहीं जाने के लिए दबाव बनाया गया था एवं मामले को पंचायती द्वारा रफा दफा करने की कोशिश की गई थी।
मामले में थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। स्कूल संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपितों की भी पहचान कर ली गई है। पीड़ित छात्र के स्वजन को भी बुलाया गया है।