फिर बढ़ने वाले हैं दालों के दाम? El Nino की आशंका के बीच मौजूदा बफर स्टॉक को लेकर सीनियर अधिकारी ने दी बड़ी जानकारी
El Nino की आशंका और मानसून की अनिश्चितता के बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी ने दालों के बफर स्टॉक पर जानकारी दी है। देश में दालों का मौजूदा बफर स्टॉक 43 लाख टन है।
-1780646494770_m.webp)
दालों के बफर स्टॉक को लेकर बड़ी खबर
HighLights
दालों का मौजूदा बफर स्टॉक 43 लाख टन है।
यह स्टॉक पिछले वर्षों की तुलना में दोगुना से अधिक।
अल नीनो के बावजूद दालों की कीमतें स्थिर रहेंगी।
नई दिल्ली| अल नीनो (El Nino) की आशंका और मानसून को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच लोगों में फूड सिक्योरिटी से जुड़े सवाल आने लगे हैं। कम बारिश की आशंका के बीच आने वाले खरीफ सीजन में फसलों की पैदावार कम हो सकती है। खाद्यान्न की मांग और आपूर्ति के सवालों के बीच हाल ही में देश में दालों के बफर स्टॉक और उसकी कीमतों को लेकर एक सीनियर अधिकारी ने जानकारी दी है।
कितना है दाल का स्टॉक
एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए दाल के बफर स्टॉक को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि संभावित अल नीनो और बारिश में कमी की आशंका के कारण आपूर्ति में किसी भी तरह की कमी को लेकर खास रणनीतिक बनाई गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दालों का मौजूदा बफर स्टॉक 43 लाख टन है, जो मई 2025 में रखे गए 18 लाख टन से दोगुने से भी अधिक, और मई 2024 में दर्ज किए गए 21 लाख टन से काफी अधिक है।
दालों से स्टॉक को लेकर 'नो टेंशन'
अधिकारी ने बताया कि इस मजबूत स्टॉक का मुख्य कारण केंद्र सरकार की बेहतर खरीद नीति है, जिसे घरेलू उत्पादन को बढ़ाने, आयात पर निर्भरता कम करने और उपभोक्ताओं को कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए शुरू किया गया था। अधिकारी ने भंडारण (Storage) और निपटान (Disposal) को लेकर चिंताओं को दूर करते हुए कहा कि दालें जल्दी खराब नहीं होती हैं और इन्हें दो से तीन साल तक सुरक्षित रूप से स्टोर किया जा सकता है।
फिर बढ़ेंगी दाल की कीमतें?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले महीनों में अल नीनो विकसित होने की आशंका भी जताई है। जिसका असर आने वाले मॉनसून पर देखने को मिलेगा और खरीफ फसलों की पैदावार कम हो सकती है। इन तमाम आशंकाओं के बीच दालों की कीमत स्थिर रखना एक चुनौती हो सकती है।
हालांकि सरकारी अधिकारी में देश में दाल के भंडार को पिछले साल से करीब दोगुना बताया है। ये भी बताया है कि दालों को 2-3 साल तक सुरक्षित स्टोर किया जा सकता है, जिससे आपूर्ति और कीमत में स्थिरता बनी रहेगी। अधिकारी के मुताबिक फिलहाल दाल की कीमतों में बहुत अधिक उछाल की संभावना ना के बराबर बताई गई है।
