त्योहारों से पहले फिर लगेगा महंगाई का झटका, मिठाइयां ही नहीं प्रोसेस्ड फूड के भी बढ़ेंगे दाम! कितने में मिलेंगे बिस्किट और ड्रिंक्स?
त्योहारों से पहले चीनी और दूध की बढ़ती कीमतों के कारण मिठाइयां, बिस्किट और अन्य प्रोसेस्ड फूड महंगे हो सकते ...और पढ़ें

त्योहारों से पहले मिठाइयों के बढ़ेंगे दाम
HighLights
चीनी और दूध की कीमतों में भारी वृद्धि।
त्योहारों से पहले मिठाइयां, बिस्किट होंगे महंगे।
बिकाजी फूड्स 2% तक बढ़ा सकती है दाम।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| रक्षाबंधन के दौरान देश में चीनी की बढ़ी कीमतों का असर देखने को मिला, जहां मिठाइयां महंगी हो गईं। अब एक बार फिर से आने वाले त्योहारों के दौरान महंगाई की आहट देखने को मिल रही है। आने वाले गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान बिस्किट, चॉकलेट और लड्डू जैसे मीठे फूड आयटम्स भी महंगे हो सकते हैं क्योंकि चीनी की बढ़ती कीमतों से उपभोक्ता-सामान कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे मैन्युफैक्चरिंग करने वाले बिक्री के महत्वपूर्ण समय से पहले कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रहे हैं।
इन फूड आयटम्स की कीमतें बढ़ेंगी
भारत में चीनी की मांग आमतौर पर त्योहारी सीजन के दौरान चरम पर होती है, जो अगस्त के अंत से जनवरी तक चलता है। इन दिनों ट्रेडिशनल मिठाइयों और प्रोसेस्ड फूड आयटम्स की खपत बढ़ जाती है। हालांकि, इसे देखते हुए उपभोक्ताओं को त्योहारी मिठाइयों के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है क्योंकि चीनी और दूध की बढ़ती लागत निर्माताओं और मिठाई बनाने वालों पर दबाव डाल रही है। इक्विरस सिक्योरिटीज की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी की कीमतें साल-दर-साल 19% और पिछली तिमाही से 20% बढ़ी हैं, जिससे बिस्कुट, कन्फेक्शनरी, माल्टेड पेय और कार्बोनेटेड पेय जैसी कैटेगरियों पर लागत का बोझ बढ़ गया है।
कितनी बढ़ सकती हैं कीमतें?
बिकाजी फूड्स के मुख्य फाइनेंस अधिकारी ऋषभ जैन ने TOI को बताया कि कंपनी अपनी सभी मिठाई उत्पादों की कीमतों में लगभग 2% की बढ़ोतरी की जा सकती है। जैन ने मीडिया को बताया कि सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से कीमतों में कुछ हद तक कमी आई है, लेकिन चीनी की खरीद लागत पिछले कुछ महीनों की तुलना में अभी भी लगभग 20% अधिक है।
ये भी पढ़ें: 1 महीने में प्याज 1661 रुपये महंगा, टमाटर ने भी लगाई दौड़! मंडियों में क्या हैं TOP सब्जियों के भाव?
चीनी ही नहीं दूध की महंगाई का भी असर
चीनी के साथ ही दूध की कीमतों में भी तेजी से उछाल आया है। मुंबई में 1 सितंबर से दूध ₹102 प्रति लीटर बिकने लगा है। इसके साथ ही कई राज्यों में पहले ही दूध की कीमतें बढ़ चुकी हैं। एक प्रसिद्ध कंपनी के सीईओ ने मीडिया को बताया कि पिछले चार महीनों में दूध की कीमतों में करीब 16% की वृद्धि हुई है, ऐसे में चीनी की कीमतों ने लागत को और बढ़ा दिया है। इन वजहों से मिठाइयों सहित अन्य प्रोसेस्ड फूड की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।
