बिजली घरों में नहीं बचा कोयला! 46 प्लांट में चिंताजनक स्थिति में पहुंचा 'कोल स्टॉक'; सरकार ने उठाया ये बड़ा कदम
देश के कई पावर प्लांट में कोयले का स्टॉक गंभीर स्तर पर पहुंच गया है, जिससे सरकार रेल के ज़रिए ...और पढ़ें

सरकार मालगाड़ियों के जरिए पावर प्लांट्स तक कोयले की सप्लाई तेज़ी से बढ़ा रही है।
HighLights
कई पावर प्लांट में कोयले का स्टॉक बेहद कम।
सरकार रेल के ज़रिए कोयले की सप्लाई बढ़ा रही।
भारी बारिश से खनन और ढुलाई प्रभावित हुई।
नई दिल्ली। देश के कई पावर प्लांट में कोयले का स्टॉक बहुत कम स्तर पर पहुंच गया है। ऐसी स्थिति में सरकार रेल के ज़रिए बिजली घरों तक कोयले की सप्लाई बढ़ा रहा है। रेल से कोयले की ढुलाई में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब हाल के हफ़्तों में ऐसे पावर प्लांट की संख्या बढ़ी है जिनके पास ज़रूरत का 25% से भी कम कोयला स्टॉक बचा है।
कोयला मंत्रालय ने सोमवार को बताया है कि कई बिजली संयंत्रों (Power Plants) में कोयले का भंडार बेहद चिंताजनक स्तर तक गिर गया है। इस कमी को तुरंत पूरा करने के लिए भारत सरकार रेल (मालगाड़ियों) के जरिए पावर प्लांट्स तक कोयले की सप्लाई तेज़ी से बढ़ा रही है।
25% से कम स्टॉक बचा
अगस्त के आखिर में ऐसे पावर प्लांट की संख्या 46 थी, जिनके पास ज़रूरी स्टॉक का 25% से कम कोयला था या जिनके पास तीन दिन से भी कम समय तक बिजली बनाने के लिए कोयला बचा था। 5 सितंबर तक यह संख्या तेज़ी से बढ़कर 58 हो गई है। सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी की वेबसाइट पर मौजूद डेटा के अनुसार, प्रभावित प्लांट में से 53 घरेलू कोयले से चलने वाले प्लांट हैं।
कोयला मंत्रालय ने कहा, "गंभीर स्थिति वाले थर्मल पावर प्लांट पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है और इन प्लांट में स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए कोयले की सप्लाई से जुड़े सुधारात्मक उपाय पहले ही लागू किए जा चुके हैं।"
कोल सप्लाई में तेजी
सरकार ने कहा कि सरकारी कंपनी कोल इंडिया, उसकी सब्सिडियरी कंपनियों और प्राइवेट खदानों से कोयले की सप्लाई में तेज़ी आई है और 3 सितंबर से हर दिन लोडिंग बढ़ रही है। सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पावर प्लांट के लिए कोयले की लोडिंग 3 सितंबर के 370 यूनिट ट्रेन या रेक से बढ़कर 6 सितंबर को 444 यूनिट ट्रेन या रेक हो गई।
ये भी पढ़ें - अमेरिका-ईरान युद्ध से कच्चे तेल के बाजार में हाहाकार: ब्रेंट क्रूड $100 के करीब! क्या आप पर पड़ेगा इसका असर?
ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे कोयले से भरपूर प्रमुख भारतीय राज्यों में भारी बारिश से माइनिंग पर असर पड़ा है और पावर प्लांट के लिए कोयले की ढुलाई धीमी हो गई है।
