धड़ाधड़ इंडक्शन हीटर की बिक्री के बीच सरकार का बड़ा फैसला, युद्ध से गैस किल्लत पर बनाया ये नया प्लान
पश्चिम एशिया संकट के कारण एलपीजी आपूर्ति पर चिंता बढ़ने से इंडक्शन हीटर और संबंधित बर्तनों की मांग में तेजी आई है। सरकार ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ...और पढ़ें

सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच इंडक्शन हीटर के उत्पादन पर चर्चा की।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच इंडक्शन हीटर और उससे संबंधित बर्तनों की बढ़ती मांग को देखते हुए इनके उत्पादन को बढ़ाने के उपायों पर शुक्रवार को चर्चा की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर तेल व गैस ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इससे रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है और लोग तेजी से इंडक्शन हीटर व बर्तन खरीद रहे हैं।
यह बैठक वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में हुई। इसमें ऊर्जा सचिव, विदेश व्यापार महानिदेशक (डीजीएफटी) और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने इस पर चर्चा की कि इंडक्शन हीटर और उससे जुड़े बर्तनों (जैसे इंडक्शन कुकर के बर्तन) का उत्पादन किस तरह तेजी से बढ़ाया जा सकता है।’’
उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है और बाजार में ये तेजी से बिक रहे हैं। अधिकारी ने साथ ही बताया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान देश के निर्यात में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि वस्तुओं व सेवाओं दोनों के निर्यात में बढ़ोतरी हुई है। वाणिज्य मंत्रालय इसके अंतिम आंकड़े 15 अप्रैल को जारी करेगा।
यह भी पढ़ें: बिक जाएगा 83 साल पुराना यह स्वदेशी बैंक! 26000 करोड़ में डील, विदेशी फर्म को मिल गई मालिकाना हक खरीदने की मंजूरी
5 लाख इलेक्ट्रिक चूल्हे खरीदने की योजना क्या है?
इसके अलावा हाल ही में सार्वजनिक क्षेत्र की एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. (EESL) भी बड़ी योजना बना रही है। वह दो चरणों में पांच लाख इलेक्ट्रिक चूल्हे खरीदने के लिए नई निविदा जारी करने की योजना बना रही है। इलेक्ट्रिक चूल्हे और खाना पकाने के अन्य उपकरणों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण एलपीजी और देश की प्राकृतिक गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस लिहाज से यह कदम महत्वपूर्ण है।