LPG सिलिंडर की कालाबाजारी करने वाली 141 गैस एजेंसियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, किल्लत के बीच बड़ी कार्रवाई
देश में LPG सिलेंडरों की किल्लत की अफवाहों के बीच, सरकार और तेल कंपनियों ने कालाबाजारी करने वाली 141 गैस एजेंसियों पर कार्रवाई की है, जिनमें 5 निलंबित ...और पढ़ें

अब तक 7,500 से अधिक औचक निरीक्षण किए गए हैं, जिनमें अनियमितता पाए जाने पर 141 LPG वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
HighLights
141 गैस एजेंसियों पर कालाबाजारी के आरोप में कार्रवाई।
इंडियनऑयल ने LPG आपूर्ति सामान्य होने का आश्वासन दिया।
ग्राहकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।
नई दिल्ली। देश में LPG सिलेंडरों की किल्लत की अफवाहों के बीच, कालाबाजारी और जमाखोरी करने वाली गैस एजेंसियों पर सरकार और तेल कंपनियों ने बड़ा प्रहार किया है। वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों का फायदा उठाकर अनियमितता करने वाले वितरकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। इंडियन ऑयल (IndianOil) दैनिक जागरण बिजनेस को जानकारी दी है कि कंपनी ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह से स्थिर है।
कैसे 141 एजेंसियों पर हुआ एक्शन?
इंडियन ऑयल के मुताबिक सोशल मीडिया और ग्राहकों से मिली शिकायतों के आधार पर, LPG वितरकों की जांच के लिए विशेष अंतर-कार्यात्मक टीमें तैनात की गई हैं, ताकि जमाखोरी पर लगाम कसी जा सके।
अब तक 7,500 से अधिक औचक निरीक्षण किए गए हैं, जिनमें अनियमितता पाए जाने पर 141 LPG वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसमें 5 वितरकों को निलंबित भी किया गया है। इंडियन ऑयल और अन्य तेल विपणन कंपनियां राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। देशभर में अब तक लगभग 68,000 छापे मारे गए हैं, 855 एफआईआर (FIR) दर्ज की गई हैं और 48,000 से अधिक अवैध सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
LPG आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और स्थिर
इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया है कि वैश्विक ऊर्जा बाजारों में उथल-पुथल के बावजूद, घरेलू LPG उपभोक्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वर्तमान में बिना किसी रुकावट के प्रतिदिन लगभग 28 लाख LPG सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। यह वितरण स्तर मौजूदा तनाव शुरू होने से पहले के सामान्य दिनों के बिल्कुल अनुरूप है।
डिजिटल बुकिंग और सुरक्षित डिलीवरी पर जोर
ग्राहकों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए वर्तमान में लगभग 87% बुकिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म (SMS और IVRS) के माध्यम से प्राप्त हो रही हैं। गैस की चोरी रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि सिलेंडर केवल सही ग्राहक तक ही पहुंचे, डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड (DAC OTP) के साथ सुरक्षित डिलीवरी की जा रही है।
खबरें और भी
ग्राहकों से अपील: अफवाहों से बचें, पैनिक बुकिंग न करें
इंडियन ऑयल ने सभी इंडेन ग्राहकों से आग्रह किया है कि वे गैस की कमी को लेकर फैल रही किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। गैस एजेंसियों के बाहर बेवजह लंबी कतारें न लगाएं। घबराहट में सिलेंडरों की जल्दबाजी में बुकिंग या घरों में अतिरिक्त स्टॉक करने से बचें।
LPG गैस हेल्पलाइन नंबर
किसी भी तरह की समस्या, शिकायत या त्वरित सहायता के लिए ग्राहक सीधे indanecareho@indianoil.in पर संपर्क कर सकते हैं। इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया है कि LPG की निर्बाध उपलब्धता और वितरण में पारदर्शिता उसकी प्राथमिकता है, और ग्राहकों के अधिकारों का हनन करने वालों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।