LPG ग्राहकों के लिए बड़ा अलर्ट: खत्म हुई e-KYC की डेडलाइन! आज से किन लोगों को नहीं मिलेगी सब्सिडी?
LPG Cylinder Subsidy Deadline: रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए e-KYC की अंतिम तिथि 16 अगस्त बीत चुकी है, जिसके बाद बिना वेरिफिकेशन वाले ग्राहकों की सब्सिडी रुक सकती है।

आज से किन लोगों के नहीं मिलेगी सब्सिडी?
HighLights
e-KYC की अंतिम तिथि 16 अगस्त अब समाप्त हो गई है।
बिना e-KYC वाले ग्राहकों को अब सब्सिडी नहीं मिलेगी।
e-KYC पूरा करने के बाद रुकी सब्सिडी फिर शुरू होगी।
नई दिल्ली: क्या आपके घर में भी रसोई गैस (LPG Cylinder) का इस्तेमाल होता है? क्या आप भी हर महीने गैस सिलिंडर भराने के बाद बैंक खाते में आने वाली सब्सिडी (Subsidy) का इंतजार करते हैं? अगर हां, तो यह खबर आपके लिए किसी झटके से कम नहीं है।
गैस एजेंसियों और तेल कंपनियों की तरफ से LPG कनेक्शन की e-KYC (इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर) कराने की आखिरी तारीख 16 अगस्त तय की गई थी (LPG e-KYC Deadline), जो अब बीत चुकी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन लोगों ने 16 अगस्त तक अपना वेरिफिकेशन नहीं कराया, उनका क्या होगा? क्या आज से उनकी सब्सिडी हमेशा के लिए बंद हो जाएगी?
आज से कितना मिलेगा सब्सिडी का लाभ?
सरकार और तेल कंपनियों (जैसे Indane, HP, Bharat Gas) का नियम एकदम साफ है। e-KYC का मुख्य मकसद उन फर्जी और निष्क्रिय कनेक्शनों की पहचान करना है, जिनका गलत इस्तेमाल हो रहा है।
e-KYC नहीं कराया तो?
जिन ग्राहकों ने 16 अगस्त की रात तक अपना बायोमेट्रिक या आधार e-KYC पूरा नहीं किया है, उन्हें अब 'संदिग्ध' या 'असत्यापित' (Unverified) ग्राहक माना जाएगा। ऐसे ग्राहकों के बैंक खाते में आज (17 अगस्त) के बाद से एलपीजी सब्सिडी का पैसा आना रोका जा सकता है। यानी जब तक आप वेरिफिकेशन नहीं कराएंगे, तब तक सरकार की तरफ से मिलने वाली छूट का पैसा होल्ड पर चला जाएगा।
क्या सब्सिडी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी?
अगर आप 16 अगस्त की डेडलाइन से चूक गए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन अलर्ट होना जरूरी ह। आपका गैस कनेक्शन तुरंत काटा नहीं जाएगा और आप आम कीमत पर सिलेंडर (LPG price) बुक कर सकेंगे। लेकिन, सब्सिडी का पैसा तब तक नहीं मिलेगा जब तक आप अपनी एजेंसी में जाकर या ऑनलाइन e-KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेते। जैसे ही आप इसे पूरा करेंगे, आपकी सब्सिडी दोबारा चालू कर दी जाएगी।
अगर डेडलाइन मिस हो गई, तो अब क्या करें?
अपनी गैस एजेंसी (डिस्ट्रीब्यूटर) के ऑफिस जाएं। साथ में अपना आधार कार्ड, गैस पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जरूर ले जाएं। वहां फिंगरप्रिंट स्कैनर के जरिए मिनटों में काम हो जाएगा। आप अपनी गैस कंपनी (IndianOil, HP, BPCL) के आधिकारिक ऐप या वेबसाइट के जरिए भी फेस रिकॉग्निशन (Face Authentication) ऐप का इस्तेमाल करके घर बैठे ई-केवाईसी कर सकते हैं।
