TCS और METRO AG के बीच बड़ी डील, IT ऑपरेशंस को लेकर करार; यूरोप और एशिया में दिखेगा तकनीकी दम
TCS ने अंतरराष्ट्रीय होलसेल दिग्गज METRO AG के साथ एक बड़ी रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। यह साझेदारी METRO ...और पढ़ें

TCS, METRO के कॉम्प्लेक्स टेक्निकल सिस्टम को सरल बनाने में मदद करेगी।
HighLights
TCS और METRO AG ने रणनीतिक आईटी साझेदारी की घोषणा की।
METRO AG के आईटी एप्लिकेशन लैंडस्केप का होगा आधुनिकीकरण।
यूरोप और एशिया में METRO के संचालन होंगे अधिक सुव्यवस्थित।
नई दिल्ली। भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने अंतरराष्ट्रीय होलसेल दिग्गज METRO AG के साथ एक बड़ी रणनीतिक साझेदारी का एलान किया है। एक्सचेंज को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि TCS अब METRO AG के आईटी एप्लिकेशन लैंडस्केप को आधुनिक बनाने और उसके अंतरराष्ट्रीय विकास को गति देने में मदद करेगी।
METRO एक प्रमुख इंटरनेशनल फूड होलसेलर है। कंपनी दुनिया भर के 30 से अधिक देशों में काम करती है और इसके लगभग 1.5 करोड़ ग्राहक हैं।
क्या है साझेदारी का मुख्य मकसद?
इस पार्टनरशिप के तहत, TCS अंतरराष्ट्रीय होलसेलर METRO को उसके कॉम्प्लेक्स टेक्निकल सिस्टम को सरल बनाने में मदद करेगी। वर्तमान में METRO अलग-अलग देशों में अलग-अलग आईटी सिस्टम का उपयोग कर रही है। TCS इन सभी को एक सेंट्रलाइज्ड तरीके से संचालित ऑपरेटिंग मॉडल में बदलने का काम करेगी। इसके लिए बड़े पैमाने पर AI बेस्ड सॉल्युशन का उपयोग किया जाएगा।
यह बदलाव यूरोप और एशिया के प्रमुख बाजारों में METRO के संचालन को अधिक सुव्यवस्थित और फुर्तीला (Agile) बनाएगा। इससे कंपनी को अपने संसाधनों को ग्राहक विकास और नवाचार (Innovation) पर केंद्रित करने में मदद मिलेगी।
कंपनी ने क्या कहा?
METRO AG के CIO डॉ. खालिद बागबान ने कहा, "अपने होलसेल बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए हमें एक ऐसे आईटी इंफ्रा की जरूरत है जो स्थानीय स्तर पर प्रासंगिक हो और सेंट्रलाइज्ड तरीके से कंट्रोल हो। हमें एक ऐसे पार्टनर की जरूरत थी जो न केवल तकनीक को समझे, बल्कि उसे हमारे बिजनेस के लिए वास्तविक मूल्य में बदल सके।"
TCS सेंट्रल यूरोप के प्रमुख भुवन अग्रवाल ने इस साझेदारी पर उत्साह जताते हुए कहा कि TCS अपने अनुभव और AI क्षमताओं के जरिए METRO की भविष्य की विकास महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें - मोदीनगर तो सब जानते हैं, पर ओखला की 'मोदी मिल्स' का असली मालिक कौन? जिसने दिल्ली में घर-घर तक पहुंचाया आटा!
बता दें कि टीसीएस के शेयरों में आज गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। कंपनी के शेयर 2337 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं। पिछले 2-3 महीनों से टीसीएस के शेयर एक रेंज में कारोबार कर रहे हैं।
