खत्म होगी कच्चे तेल के भंडारण की टेंशन! UAE भारत में करेगा ये काम; 70% तक बढ़ जाएगा इंडिया का ऑयल रिजर्व
संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी तेल कंपनी ADNOC भारत में अपने कच्चे तेल के भंडारण को बढ़ाने पर सहमत हो गई है, जिससे भारत का रणनीतिक तेल भंडार लगभग 70% तक ...और पढ़ें

UAE भारत में बढ़ाएगा कच्चे तेल का भंडारण
HighLights
ADNOC भारत में कच्चे तेल का भंडारण बढ़ाएगा।
भारत का रणनीतिक तेल भंडार 70% तक बढ़ेगा।
ऊर्जा सुरक्षा और तेल आपूर्ति में स्थिरता आएगी।
नई दिल्ली। भारत की ऊर्जा सुरक्षा को जल्द ही बड़ी मजबूती मिलने वाली है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सरकारी तेल कंपनी अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) ने भारत में अपने कच्चे तेल के भंडारण को बढ़ाने पर सहमति जताई है। इस कदम से भारत का रणनीतिक तेल भंडार करीब 70 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।
फिलहाल भारत के पास लगभग 5.3 मिलियन टन का रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व है। यह रिजर्व विशाखापत्तनम, मैंगलोर और पादुर में मौजूद है। अब ADNOC भारत में अपने स्टोरेज को बढ़ाकर 30 मिलियन बैरल तक करने की तैयारी में है। इससे भारत के कुल रणनीतिक भंडार में 40 लाख टन से ज्यादा कच्चा तेल और जुड़ जाएगा।
UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ADNOC और भारतीय कंपनियों के बीच कई रणनीतिक समझौते हुए। इन समझौतों का मकसद भारत और UAE के बीच ऊर्जा साझेदारी को और मजबूत बनाना है।
मैंगलोर में UAE रखता है कच्चा तेल
अभी UAE की कंपनी के पास मैंगलोर में स्टोरेज सुविधा है, जहां करीब 60 लाख बैरल कच्चा तेल रखा जाता है। नई योजना के बाद यह क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी। इससे भारत को भविष्य में तेल सप्लाई में आने वाली दिक्कतों से निपटने में मदद मिलेगी।
यह समझौता ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध के कारण दुनिया भर में ऊर्जा सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। ऐसे हालात में भारत अपने तेल भंडार को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।
तेल भंडार बढ़ाने की दिशा में काम कर रही भारत सरकार
भारत सरकार पहले ही रणनीतिक तेल भंडार बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। साल 2021 में सरकार ने ओडिशा के चांदीखोल और पादुर में 6.5 मिलियन टन क्षमता वाले नए रणनीतिक रिजर्व बनाने को मंजूरी दी थी। यह परियोजना PPP मॉडल के तहत विकसित की जा रही है।
इसके अलावा भारत अब LPG यानी रसोई गैस का भी 20 से 30 दिनों का रणनीतिक भंडार बनाने पर विचार कर रहा है। इसी दिशा में ADNOC और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के बीच LPG सप्लाई बढ़ाने को लेकर भी समझौता हुआ है। माना जा रहा है कि इससे भारत में लंबे समय तक LPG की स्थिर सप्लाई सुनिश्चित हो सकेगी।
खबरें और भी
UAE बढ़ाएगा कच्चे तेल का उत्पादन
UAE भारत को कच्चे तेल की सप्लाई करने वाले शीर्ष पांच देशों में शामिल है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच LNG और प्राकृतिक गैस को लेकर भी लंबे समय के समझौते हैं। UAE आने वाले वर्षों में अपने तेल उत्पादन को 5 मिलियन बैरल प्रतिदिन तक बढ़ाने की योजना बना रहा है। इसका फायदा भारत जैसे बड़े ऊर्जा उपभोक्ता देशों को मिल सकता है।