सर्च करे
Home
फोकस

Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सोना-चांदी की कीमतों पर संकट? US-ईरान तनाव से बढ़ेगा दबाव; अगले सप्ताह और टूट सकते हैं दाम

    By Jagran BusinessEdited By: Kashid Hussain
    Updated: Sun, 28 Jun 2026 04:56 PM (IST)

    अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की कीमतों और वृहद आर्थिक आंकड़ों के चलते अगले सप्ताह सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। पिछले सप्ताह भी अंतरराष ...और पढ़ें

    कैसा रहेगा सोने-चांदी के लिए अगला हफ्ता? (AI फोटो)

    कैसा रहेगा सोने-चांदी के लिए अगला हफ्ता? (AI फोटो)

    HighLights

    1. अमेरिका-ईरान तनाव से सोने-चांदी पर दबाव जारी रहेगा

    2. कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी बाजार को प्रभावित करेगा

    3. पिछले सप्ताह सोने-चांदी में भारी गिरावट दर्ज की गई

    भाषा, नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और कई वृह्द आर्थिक आंकड़ों के बीच अगले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। विश्लेषक का कहना है कि फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले की दिशा के अनुरूप अगले सप्ताह प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई, यूरो क्षेत्र के मुद्रास्फीति के आंकड़े तथा अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार तथा बेरोजगारी के आंकड़े बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता ठप होने तथा दोनों देशों के बीच बढ़े सैन्य तनाव पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।

    कच्चे तेल की कीमत भी अहम

    कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी सर्राफा बाजार को प्रभावित कर सकता है। जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के ईबीजी - जिंस एवं मुद्रा शोध के उपाध्यक्ष प्रणव मेर ने कहा, ‘‘सोने और चांदी की कीमतों में अब भी गिरावट का रुख बना हुआ है और बाजार फिलहाल ‘करेक्शन’ के दौर से गुजर रहा है।’’
    अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले सप्ताह कॉमेक्स पर सोना 149.6 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत गिरकर 4,096.3 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं चांदी 7.13 डॉलर यानी 10.7 प्रतिशत टूटकर 59.67 डॉलर प्रति औंस रह गई।

    पिछला हफ्ता कैसा रहा?

    ‘मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज’ पर सप्ताह के दौरान अगस्त में आपूर्ति होने वाले सोने का वायदा 3,041 रुपये यानी 2.06 प्रतिशत गिरकर 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं चांदी सितंबर वायदा 15,269 रुपये यानी 6.4 प्रतिशत टूटकर 2.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
    एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक जिंस एवं मुद्रा, जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘पिछले सप्ताह सोने पर लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा और इसकी कीमत दो प्रतिशत गिर गई। अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा, जिससे सोने में गिरावट का सिलसिला जारी रहा।’’

    इंटरनेशनल मार्केट में रेट कितना?

    त्रिवेदी ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट से महंगाई संबंधी चिंताएं कम हुईं, जिससे मुद्रास्फीति से बचाव के साधन के रूप में सोने की मांग कमजोर पड़ी। वैश्विक बाजार में सोने का वायदा भाव पिछले सप्ताह 149.6 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत गिरकर 4,096.3 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।
    वहीं अमेरिका में चांदी 10.7 प्रतिशत टूटकर 59.67 डॉलर प्रति औंस रह गई। मेर ने कहा कि शुक्रवार को अमेरिका के व्यक्तिगत उपभोग व्यय मुद्रास्फीति के आंकड़े अपेक्षा से नरम रहने के बाद सस्ते भाव पर खरीदारी से सोने में कुछ सुधार देखने को मिला।
    इसके अलावा चीन के केंद्रीय बैंक की ओर से सोने की लगातार खरीद, अमेरिका-ईरान तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय संघ पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की चेतावनी ने भी सोने को कुछ समर्थन दिया।

    खबरें और भी

    ये भी पढ़ें - सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, 15 हजार रुपये से ज्यादा टूटे दाम; एक्सपर्ट ने अगले हफ्ते के लिए बताया टारगेट