सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत का एक फैसला और घुटनों पर आ गया नेपाल! चीनी की कमी से हाहाकार के बीच इंडिया से खरीदने की तैयारी

Updated: Wed, 19 Aug 2026 07:08 PM (IST)

भारत द्वारा चीनी निर्यात पर रोक के बाद नेपाल में चीनी की भारी कमी हो गई है, जिससे कीमतें आसमान छू रही हैं और आगामी त्योहारों में मांग दोगुनी होने की आ ...और पढ़ें

नेपाल में चीनी की आपूर्ति और कीमतों को लेकर बढ़ी चिंता

नेपाल में चीनी की आपूर्ति और कीमतों को लेकर बढ़ी चिंता

HighLights

  1. भारत के चीनी निर्यात प्रतिबंध से नेपाल में कमी।

  2. नेपाल में चीनी की कीमतें ₹120 प्रति किलोग्राम तक।

  3. नेपाल भारत से 10,000 क्विंटल चीनी आयात करेगा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| चीनी की कीमत और आपूर्ति की अटकलें केवल देश के घरेलू बाजारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ग्लोबल मार्केट में भी इसका तगड़ा असर देखने को मिला है। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में हालात बुरे हो चले हैं। भारत के चीनी निर्यात पर रोक के बाद से ही नेपाली बाजारों और उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ने लगी थी, अब आगामी त्योहारों के बीच चीनी की खुदरा कीमत आम उपभोक्ताओं के बजट के बाहर जा रही हैं।

त्योहार में मांग दोगुनी, स्टॉक में कमी

नेपाली मीडिया रतोपाती की रिपोर्ट के अनुसार नेपाल में आगामी त्योहारों के दौरान चीनी की खपत सामान्य अवधि की तुलना में दोगुनी होने का अनुमान है, जिससे यह चिंता बढ़ रही है कि आयात संबंधी निर्णयों में देरी और घरेलू स्टॉक (sugar stock) में कमी से कीमतों और उपलब्धता पर और अधिक दबाव पड़ सकता है। नेपाल में चीनी की कीमतें ₹95-₹100 प्रति किलोग्राम से बढ़कर लगभग ₹120 प्रति किलोग्राम हो गई हैं, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कमी की खबरें आ रही हैं।

भारत के फैसले से नेपाल मुश्किल में

भारत सरकार ने 13 मई 2026 को चीनी के निर्यात पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद नेपाल में कमी की खबरें आने लगी थीं। नेपाल चीनी उद्योग संघ द्वारा सरकार और उपभोक्ताओं को यह आश्वासन दिया गया कि घरेलू भंडार पर्याप्त है और कारखाने की कीमतें नहीं बढ़ेंगी। यह आश्वासन भारत द्वारा चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के फैसले के बाद दिया गया था। 3 महीने बाद ही वहां के हालात बिगड़ गए। क्योंकि भारत ही नेपाल का चीनी आयात का मुख्य स्रोत है। उद्योग के पूर्व आश्वासन के बावजूद, व्यापारी और उपभोक्ता अब बढ़ती कीमतों और दुकानों में चीनी मिलने में कठिनाई की शिकायत कर रहे हैं।

भारत से चीनी खरीदने की तैयारी में नेपाल

त्योहारों से पहले सरकार भारत से चीनी आयात करने की तैयारी कर रही है। नेपाली मीडिया के मुताबिक फूड मैनेजमेंट एंड ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड के सूचना अधिकारी माधव मिश्रा के अनुसार, कंपनी भारत के साथ सरकार-से-सरकार (G2G) समझौते के तहत 10,000 क्विंटल (1,000 मीट्रिक टन) चीनी आयात करने की व्यवस्था के अंतिम चरण में है। पहली खेप कुछ ही दिनों में नेपालगंज पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी ने संकेत दिया है कि यदि शुरुआती आपूर्ति अपर्याप्त साबित होती है तो अतिरिक्त मात्रा में चीनी मंगाई जा सकती है।

राजभंडारी ने स्वीकार की भारत पर निर्भरता

सॉल्ट ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन के सूचना अधिकारी कुमार राजभंडारी के अनुसार, तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए मंत्रालय के समन्वय से 2,500 मीट्रिक टन चीनी लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी तरह, त्योहारों के नजदीक आने पर, उपभोक्ताओं को किफायती दामों पर चीनी उपलब्ध कराने के लिए मंत्रालय के कॉर्डिनेशन से बड़ी मात्रा में चीनी मंगाई जाएगी।

ये भी पढ़ें: Income Tax Department ने दबोचा फर्जी नेटवर्क, ट्रस्ट बनाकर विदेश भेज रहे भारत का पैसा; बॉर्डर से सटे इलाकों में चल रहा बड़ा खेल

सूचना अधिकारी राजभंडारी ने स्वीकार किया कि भारत द्वारा चीनी निर्यात पर कुछ प्रतिबंध लगाने के बाद आपूर्ति व्यवस्था कठिन हो गई है। उन्होंने कहा, 'हमें बाजार में चीनी की कुछ कमी की शिकायतें मिली हैं। हालांकि, हम मंत्रालय के संपर्क में हैं। हम कर छूट या अन्य वैकल्पिक तरीकों से जल्द से जल्द चीनी लाने की तैयारी कर रहे हैं। मंत्रालय से मंजूरी मिलते ही बाजार की समस्या का समाधान हो जाएगा।