Onion Price Hike: प्याज पहुंचा ₹60 के पार! सरकार ने बनाया ₹35 में बेचने का प्लान, कहां और कैसे होगी बिक्री?
देशभर में प्याज की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, दिल्ली में यह ₹55 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं। सरकार ...और पढ़ें

प्याज की कीमत कंट्रोल करने के लिए सरकार का खास प्लान
HighLights
प्याज की थोक कीमतों में एक महीने में 44% की वृद्धि।
दिल्ली में प्याज ₹55/किग्रा, सरकार ₹35/किग्रा में बेचेगी।
'कांदा एक्सप्रेस' से 800 टन प्याज दिल्ली पहुंचेगा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली | देश में इन दिनों चीनी की की कीमतों को शोर मचा है, इसी के साथ ही वेज-नॉनवेज हर तरह के खाने में खासतौर इस्तेमाल की जाने वाली प्याज की कीमतें भी रॉकेट बन गई हैं। एगमार्कनेट पोर्टल पर उपलब्ध प्राइस ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई के आखिरी सप्ताह में प्याज का औसत थोक भाव ₹2,647.06 प्रति क्विंटल था, जो अब बढ़कर ₹3,820.58 हो गया है। एक महीने में औसत भाव में 44% की बढ़ोतरी देखी गई है।
1 साल में 68 फीसदी तक बढ़े दाम
24 अगस्त को देशभर में प्याज का औसत खुदरा मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 59 प्रतिशत बढ़कर 43.53 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया, जो एक साल पहले 27.37 रुपये प्रति किलोग्राम था। इसी तरह औसत थोक मूल्य भी 68 प्रतिशत बढ़कर 35.58 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया, जो एक साल पहले 21.23 रुपये प्रति किलोग्राम था। हालांकि सरकार की ओर से आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
प्याज की महंगाई से मिलेगी राहत
रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली में खुदरा प्याज की कीमतें पिछले साल की इसी अवधि के ₹35 प्रति किलोग्राम की तुलना में बढ़कर लगभग ₹55 प्रति किलोग्राम हो गई हैं। कीमतों में और वृद्धि को रोकने के लिए, सरकार दिल्ली-NCR के कई स्थानों पर रियायती दरों पर प्याज उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।
उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने बताया कि 800 टन प्याज लेकर पहली ‘कांदा एक्सप्रेस’ बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेगी। दिल्ली में इस प्याज की बिक्री 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मंगलवार को बताया कि दिल्ली में प्याज की खुदरा बिक्री NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार के स्टोर के जरिये की जाएगी।
दिल्ली-NCR में मिलेगा सस्ता प्याज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में मोबाइल वैन के माध्यम से प्याज की रिटेल बिक्री की जाएगी। इसके सटीक स्थान अगले कुछ दिनों में तय होने की उम्मीद है। केंद्र ने उपलब्धता में सुधार लाने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए पहले भी इसी तरह के उपाय किए हैं।
ये भी पढ़ें : Sugar Crisis: देश में कितने दिन के लिए बचा है स्टॉक, विदेश से आने वाली चीनी कब तक पहुंचेगी भारत?
देश के प्रमुख शहरों में प्याज के दाम
देश के प्रमुख शहरों में सोमवार को प्याज का खुदरा भाव काफी ऊपर देखे गए। चेन्नई में रिटेल प्राइस ₹60 प्रति किलो, दिल्ली में ₹55 प्रति किलो और कोलकाता में ₹53 प्रति किलोग्राम रही, जबकि एक साल पहले चेन्नई और दिल्ली में इसके भाव क्रमश: ₹33 और ₹35 प्रति किलोग्राम थे।
