SIP vs RD: ₹25,000 की SIP या RD, 5, 10 और 20 सालों में कहां तैयार होगा करोड़ों का फंड? कैलकुलेशन से समझें
यह लेख SIP और RD के बीच तुलना करता है, यह बताता है कि 5, 10 और 20 साल में कौन अधिक रिटर्न देता है। यह निवेशकों को उनकी जोखिम क्षमता और निवेश अवधि के आ ...और पढ़ें

₹25,000 की SIP या RD, 5, 10 और 20 सालों में कौन देगा सबसे ज्यादा रिटर्न, कैलकुलेशन से समझें
HighLights
SIP में बाजार से जुड़ा अधिक रिटर्न, RD में तय ब्याज।
5 साल के लिए RD सुरक्षित, लंबा निवेश SIP में फायदेमंद।
20 साल में SIP ने RD से काफी अधिक रिटर्न दिया।
नई दिल्ली। अगर आप लॉन्ग टर्म में बड़ा फंड बनाने की सोच रहे हैं, तो आपके पास दो अलग रास्ते हैं, म्यूचुअल फंड में SIP (Systematic Investment Plan) या फिर पोस्ट ऑफिस की RD (Recurring Deposit)।
लेकिन कई बार निवेशक ये समझने में गलती कर देते हैं कि उन्हें एसआईपी में ज्यादा रिटर्न मिलेगा या फिर आरडी में। कैलकुलेशन देखें तो SIP हमेशा एक स्मार्ट चॉइस लगती है, लेकिन जोखिम (Risk) की वजह से ये हर किसी के लिए सही नहीं हो सकती। आइए समझते हैं कि दोनों में से आपके लिए कौन सा बेहतर है।
SIP और RD में बड़ा अंतर क्या है?
एसआईपी यानी कि Systematic Investment Plan म्यूचुअल फंड में निवेश करने का एक बेहद लोकप्रिय और अनुशासित तरीका है। इसके तहत आप हर महीने एक निश्चित रकम जैसे ₹100, ₹500 या उससे ज्यादा का निवेश करते हैं। ये पैसा सीधे आपके बैंक खाते से कटकर म्यूचुअल फंड में चला जाता है। यहां रिटर्न ज्यादा मिलने की उम्मीद होती है, लेकिन ये मार्केट के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करता है।
दूसरी ओर, आरडी (RD) का पूरा नाम रिकरिंग डिपॉज़िट (Recurring Deposit) है। ये बैंकों और पोस्ट ऑफिस द्वारा दी जाने वाली एक लोकप्रिय बचत योजना है, जिसमें आप हर महीने एक निश्चित राशि जमा करते हैं और तय अवधि के बाद ब्याज सहित एक बड़ी रकम (Maturity Amount) प्राप्त करते हैं। यहां सरकारी गारंटी के साथ तय और सुरक्षित रिटर्न मिलता है। मार्केट गिरने पर भी आपका पैसा सेफ रहता है।
SIP और RD में कौन फायदेमंद?
देखा जाए तो दोनों ही माध्यम आपको निवेश और बचत करने का मौका देते हैं। लेकिन हर निवेशक को अपनी जरूरत के हिसाब से निवेश करना चाहिए, और इसलिए कहां निवेश करना है, इसका चुनाव करना बेहद जरूरी है। ऐसे में कैलकुलेशन के लिए जरिए समझते हैं कि कौन किस अवधि में ज्यादा रिटर्न देगा।
खबरें और भी
1. अगर 5 साल के लिए निवेश करें तो:
₹25,000 की SIP: 5 साल में आपका कुल निवेश ₹15 लाख होगा। अगर 12% का अनुमानित सालाना रिटर्न मिले, तो आपको करीब ₹5.62 लाख का फायदा होगा और कुल फंड ₹20.62 लाख बन जाएगा।
₹25,000 की RD: पोस्ट ऑफिस की मौजूदा 6.7% ब्याज दर के हिसाब से 5 साल में आपका कुल फंड ₹17.85 लाख बनेगा।
2. अगर 10 साल के लिए निवेश करें तो:
₹25,000 की SIP: 10 साल में आपका निवेश होगा ₹30 लाख। 12% रिटर्न के हिसाब से आपको ₹28.08 लाख का मुनाफा मिलेगा और कुल फंड ₹58.08 लाख हो जाएगा।
₹25,000 की RD: 6.7% की दर से ₹30 लाख के निवेश पर करीब ₹12.80 लाख का ब्याज मिलेगा, जिससे कुल फंड ₹42.80 लाख बनेगा।
3. अगर 20 साल के लिए निवेश करें तो:
₹25,000 की RD: 20 साल में ₹60 लाख के निवेश पर ₹66.29 लाख का ब्याज मिलेगा। आपका कुल फंड ₹1.26 करोड़ (₹1,26,29,090) हो जाएगा। यानी पैसा दोगुने से थोड़ा ज्यादा।
₹25,000 की SIP: 20 साल में ₹60 लाख के निवेश पर 12% की दर से करीब ₹1.89 करोड़ का अनुमानित रिटर्न मिल सकता है। आपका कुल फंड ₹2.49 करोड़ (₹2,49,78,697) बन जाएगा।
आपके लिए क्या है बेस्ट?
अगर आप रिस्क नहीं लेना चाहते और सिर्फ 5 साल जैसे कम समय के लिए निवेश करना चाहते हैं, तो RD एक अच्छा और सुरक्षित विकल्प है क्योंकि यहां अंतर बहुत छोटा है। लेकिन, अगर आपका नजरिया लंबा है और आप महंगाई को मात देकर बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, तो अपनी रिस्क क्षमता को देखते हुए म्यूचुअल फंड SIP पर विचार कर सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी किसी भी तरह के निवेश की सलाह नहीं है, निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।)