EPS Calculation: 25 साल की नौकरी के बाद हर महीने कितनी मिलेगी पेंशन? कैलकुलेशन से समझिए पूरा हिसाब
EPS Pension Calculation: यह लेख 25 साल की नौकरी के बाद EPS पेंशन की गणना का तरीका बताता है। इसमें पेंशन योग्य सैलरी की सीमा और फॉर्मूले का उपयोग करके मासिक पेंशन निकालने की विधि समझाई गई है।

25 साल बाद कितनी मिलेगी पेंशन?
HighLights
EPS पेंशन गणना का फॉर्मूला और प्रक्रिया विस्तार से बताई गई।
25 साल की नौकरी पर मासिक पेंशन का सटीक उदाहरण।
पेंशन योग्य सैलरी की ₹15,000 की अधिकतम सीमा महत्वपूर्ण।
नई दिल्ली: अगर आप प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करते हैं और आपकी सैलरी से EPF कटता है, तो आपकी नौकरी का एक हिस्सा EPS यानी Employees' Pension Scheme में भी जाता है। लंबे समय तक नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए यह रिटायरमेंट के बाद नियमित पेंशन का जरिया बनता है।
बता दें कि PF खाते में आपकी बेसिक सैलरी का 12% हिस्सा जमा होता है, और उतना ही योगदान आपकी कंपनी यानी (Employer) भी करती है। लेकिन कंपनी के 12% हिस्से में से 8.33% हिस्सा सीधे आपके पेंशन फंड (EPS) में चला जाता है।
अब सावल यह उठता कि अगर आपकी पेंशन योग्य सर्विस 25 साल है, तो आपकी हर महीने की पेंशन कितनी बनेगी? आइए पूरा गणित समझते हैं।
25 साल की नौकरी पर कितनी बनेगी पेंशन?
EPS में पेंशन की गणना तय फॉर्मूले के आधार पर होती है।
पेंशन = (पेंशनेबल सैलरी × पेंशन योग्य सर्विस) ÷ 70
EPFO के पेंशन कैलकुलेटर के मुताबिक, 1 सितंबर 2014 के बाद के मामलों में पेंशन योग्य सैलरी की अधिकतम सीमा ₹15,000 प्रति महीना है। अब अगर किसी कर्मचारी की पेंशन योग्य सैलरी ₹15,000 है और उसने 25 साल की पेंशन योग्य सर्विस पूरी की है, तो कैलकुलेशन होगा—
₹15,000 × 25 ÷ 70
= ₹3,75,000 ÷ 70
= ₹5,357.14
यानी इस उदाहरण में कर्मचारी को करीब ₹5,357 प्रति महीने की EPS पेंशन मिल सकती है।
सालाना कितनी मिलेगी पेंशन?
अगर हर महीने करीब ₹5,357 पेंशन मिलती है, तो सालभर में रकम होगी—
₹5,357 × 12 = ₹64,284 सालाना
यानी 25 साल की पेंशन योग्य सर्विस और ₹15,000 की पेंशन योग्य सैलरी मानने पर साल में करीब ₹64,284 पेंशन बनती है।
यहां समझना जरूरी है ‘पेंशन योग्य सैलरी’ क्या है
बहुत से लोग मान लेते हैं कि EPS में उनकी पूरी सैलरी के आधार पर पेंशन बनेगी, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। पेंशन की गणना में इस्तेमाल होने वाली पेंशन योग्य सैलरी पर निर्धारित सीमा लागू होती है। EPFO के मौजूदा कैलकुलेटर में 1 सितंबर 2014 के बाद के लिए अधिकतम पेंशन योग्य सैलरी ₹15,000 बताई गई है।
इसलिए अगर किसी कर्मचारी की वास्तविक बेसिक सैलरी ₹20,000, ₹30,000 या इससे ज्यादा है, तो सामान्य गणना में ₹15,000 की सीमा महत्वपूर्ण हो जाती है। हालांकि, Higher Pension के पात्र मामलों में अलग नियम और गणना लागू हो सकती है।
