सर्च करे
Home
फोकस

Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    60 देशों में फैला कारोबार... अब मिला ₹442 करोड़ का विदेशी ऑर्डर, क्या अब आएगी तूफानी रैली?

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 08:48 PM (IST)

    HFCL को अपनी विदेशी सहायक कंपनी के माध्यम से 442 करोड़ रुपये का ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है, जिसे जनवरी 2027 तक पूरा करना है ...और पढ़ें

    टेलीकॉम सेक्टर

    टेलीकॉम सेक्टर

    HighLights

    1. HFCL को 442 करोड़ रुपये का विदेशी OFC ऑर्डर मिला।

    2. कंपनी ने जून तिमाही में 937% EBITDA वृद्धि दर्ज की।

    3. HFCL की ऑर्डर बुक बढ़कर 26,665 करोड़ रुपये हुई।

    नई दिल्ली| टेलीकॉम सेक्टर की कंपनियां लगातार अपने कारोबार का विस्तार कर रही हैं। भारत ही नहीं, अब कई भारतीय कंपनियां विदेशों से भी बड़े ऑर्डर हासिल कर रही हैं। इसका फायदा उनके कारोबार और भविष्य की कमाई पर पड़ सकता है। ऐसी ही एक कंपनी है HFCL, जिसे अब विदेश से 442 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। इस खबर के बाद कंपनी एक बार फिर निवेशकों की नजर में आ गई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि HFCL को कौन सा ऑर्डर मिला है, कंपनी क्या काम करती है और जून तिमाही में उसका प्रदर्शन कैसा रहा।

    विदेश से मिला बड़ा ऑर्डर

    HFCL ने बताया कि उसकी पूरी तरह विदेशी सहायक कंपनी को एक अंतरराष्ट्रीय ग्राहक से ऑप्टिकल फाइबर केबल यानी OFC की सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर की कुल कीमत 4.613 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी करीब 442 करोड़ रुपये है। कंपनी के मुताबिक इस ऑर्डर के तहत ग्राहक की जरूरत के हिसाब से ऑप्टिकल फाइबर केबल की सप्लाई की जाएगी।

    इस ऑर्डर को जनवरी 2027 तक पूरा करना है। हालांकि कंपनी ने सामान्य कारोबारी नियमों का हवाला देते हुए ग्राहक का नाम नहीं बताया है। HFCL ने यह भी साफ किया कि इस ऑर्डर का कंपनी के प्रमोटर्स या किसी संबंधित पक्ष से कोई संबंध नहीं है और यह ऑर्डर सामान्य कारोबार के तहत मिला है।

    कंपनी क्या काम करती है?

    HFCL का मुख्यालय दिल्ली में है। पहले कंपनी का नाम हिमाचल फ्यूचरिस्टिक कम्युनिकेशंस लिमिटेड था। कंपनी टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर, नेटवर्क सिस्टम, ऑप्टिकल फाइबर केबल और टेलीकॉम उपकरण बनाने का काम करती है।

    इसके अलावा कंपनी डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, रेलवे टेलीकॉम सिस्टम और नेटवर्क सॉल्यूशन जैसे कई क्षेत्रों में भी काम कर रही है। HFCL को भारत में ऑप्टिकल फाइबर केबल की सबसे बड़ी सप्लाई करने वाली कंपनियों में गिना जाता है।

    खबरें और भी

    जून तिमाही में शानदार प्रदर्शन

    वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में HFCL ने शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी की ऑपरेशन से होने वाली इनकम सालाना आधार पर करीब 120 फीसदी बढ़कर 1,914.98 करोड़ रुपये हो गई।

    • पिछले साल इसी तिमाही में यह 871.02 करोड़ रुपये थी।
    • वहीं मार्च तिमाही के मुकाबले भी इनकम में करीब 4.98 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
    • कंपनी का EBITDA बढ़कर 445.27 करोड़ रुपये पहुंच गया।
    • यह पिछले साल के मुकाबले करीब 937.20 फीसदी की बढ़त है।
    • EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 23.25 फीसदी हो गया, जो पिछले साल 4.93 फीसदी था।

    घाटे से मुनाफे में लौटी कंपनी

    पिछले साल जून तिमाही में HFCL को 29.30 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था लेकिन इस बार कंपनी ने शानदार वापसी की है। जून तिमाही में कंपनी का टैक्स के बाद मुनाफा यानी PAT बढ़कर 245.64 करोड़ रुपये हो गया। वहीं प्रति शेयर कमाई यानी Diluted EPS भी बढ़कर 1.49 रुपये रही, जबकि पिछले साल कंपनी को प्रति शेयर 0.22 रुपये का नुकसान हुआ था। टैक्स से पहले मुनाफा यानी PBT भी बढ़कर 331.52 करोड़ रुपये पहुंच गया और PBT मार्जिन 17.31 फीसदी रहा।

    ऑर्डर बुक भी हुई मजबूत

    HFCL की ऑर्डर बुक में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के अंत तक कंपनी की ऑर्डर बुक बढ़कर करीब 26,665 करोड़ रुपये हो गई। इससे पहले चौथी तिमाही में यह 21,206 करोड़ रुपये और तीसरी तिमाही में 11,125 करोड़ रुपये थी।

    इस ऑर्डर बुक में सरकारी ग्राहकों से 16,164 करोड़ रुपये और निजी ग्राहकों से 10,502 करोड़ रुपये के ऑर्डर शामिल हैं। कंपनी की ऑर्डर बुक प्रोडक्ट्स, ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस और नेटवर्क कारोबार में फैली हुई है। HFCL आज 60 से ज्यादा देशों में मौजूद है। कंपनी के पास 3 रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर, 6 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 80 से ज्यादा बड़े ग्राहक हैं।

    यह भी पढ़ें- 'डिविडेंड देते रहेंगे', अनिल अग्रवाल ने निभाया वादा, वेदांता से अलग हुई ये कंपनी पहली बार ₹8 का Dividend देगी

    "शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

    (डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)