देसी से विदेशी बने 83 साल पुराने भारतीय बैंक को ₹10 हजार करोड़ चाहिए, बोर्ड में भी बड़ा उलटफेर; AGM में मंजूरी
RBL बैंक की 83वीं AGM में ₹10,000 करोड़ जुटाने और ₹1 प्रति शेयर डिविडेंड को मंजूरी मिली। बोर्ड में कई ...और पढ़ें

RBL बैंक को ₹10,000 करोड़ जुटाने की मंजूरी मिली।
HighLights
RBL बैंक को ₹10,000 करोड़ जुटाने की मंजूरी मिली।
बैंक के बोर्ड में कई नई नियुक्तियाँ की गईं।
शेयरधारकों को प्रति शेयर ₹1 का डिविडेंड मिलेगा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। देसी से विदेशी बने भारत के 83 साल पुराने भारतीय बैंक रत्नागिरी बैंक (RBL Bank Limited) को लेकर बड़ी खबर है। दरअसल, 2 सितंबर को बैंक की AGM बैठक हुई। इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। सबसे बड़ा फैसला यह रहा कि बैंक को 10000 करोड़ रुपये का फंड जुटाने की मंजूरी मिल गई। यानी देसी से विदेशी हुए 8 दशक पुराने भारतीय बैंक को 10 हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता है।
2 सितंबर, 2026 को बैंक ने अपनी 83वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) सफलतापूर्वक संपन्न की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में बैंक ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड की घोषणा भी की।
RBL बैंक प्राइवेट सेक्टर का एक बैंक है, जिसमें दुबई की कंपनी एमिरेट्स NBD की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी (60%) है और कंट्रोलिंग हिस्सेदारी भी उसी के पास है। Emirates NBD ने 18 जून, 2026 को लगभग $2.75 बिलियन (करीब ₹26,000 करोड़) में RBL Bank में 60% की बहुमत हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा किया था।
10000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
RBL बैंक ने भविष्य की विस्तार योजनाओं और पूंजी आधार को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। बैंक ने प्राइवेट प्लेसमेंट के आधार पर ऋण प्रतिभूतियों (Debt Securities) के माध्यम से भारतीय रुपये या विदेशी मुद्रा में 10,000 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके साथ ही बैंक की उधार लेने की शक्तियों (Borrowing Powers) को बढ़ाने के लिए विशेष प्रस्ताव भी पारित किया गया।
RBL बैंक के बोर्ड में हुआ बदलाव
RBL बैंक में बोर्ड में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों और पुनर्नियुक्तियों को हरी झंडी दी गई। जयदीप अय्यर को रोटेशन के आधार पर फिर से निदेशक नियुक्त किया गया। सूर्यनारायण सुब्रमण्यन को नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया। एमिरेट्स एनबीडी बैंक (ENBD) के नॉमिनी डायरेक्टर्स के रूप में शेन कीथ नेल्सन, पैट्रिक जॉन सुलिवन, नीरज मकिन, मनोज चावला और मरवान महमूद मोहम्मद हादी की नियुक्तियों को मंजूरी दी गई।
शेयरधारकों को मिलेगा हर शेयर पर 1 रुपये का डिविडेंड
बैंक के बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹1 प्रति इक्विटी शेयर (₹10 अंकित मूल्य) के डिविडेंड की घोषणा की है। इस फैसले को शेयरधारकों की मंजूरी मिल गई है। बैठक के दौरान बैंक के नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर (पार्ट-टाइम चेयरमैन) चंदन सिन्हा ने अध्यक्षता की। बैठक में कुल 141 सदस्य शामिल हुए।
प्रबंध निदेशक और सीईओ (MD & CEO) आर. सुब्रमण्यकुमार ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक के व्यवसाय, संचालन और वित्तीय प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक अपने लक्ष्यों की ओर मजबूती से बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें- ITC ने कर डाली बड़ी डील, ₹155 करोड़ लगाकर खरीद ली पूरी होटल कंपनी; 1 सितंबर से अधिग्रहण लागू
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
