आशिष कचोलिया का शेयर बना रॉकेट... लगा 20% अपर सर्किट, क्या अभी बाकी है बड़ी रैली?
यशो इंडस्ट्रीज ने जून 2026 तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए, जिससे कंपनी का मुनाफा 890% बढ़कर 36.05 करोड़ रुपये हो गया और शेयर 20% अपर सर्किट पर पहुंच ...और पढ़ें

Ashish Kacholia Stocks
HighLights
यशो इंडस्ट्रीज का मुनाफा 890% बढ़कर 36.05 करोड़ रुपये हुआ।
कंपनी का शेयर 20% अपर सर्किट पर पहुंचा, निवेशकों का ध्यान खींचा।
आशीष कचोलिया ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी थोड़ी कम की।
नई दिल्ली| भारत के शेयर बाजार में रिजल्ट सीजन के दौरान कई कंपनियां अपने तिमाही नतीजे जारी कर रही हैं. इनमें कुछ कंपनियों के नतीजे ऐसे भी सामने आए हैं, जिन्होंने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. ऐसी ही एक कंपनी है यशो इंडस्ट्रीज. कंपनी ने जून 2026 तिमाही के शानदार नतीजे पेश किए हैं. नतीजों के बाद कंपनी के शेयर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली और शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गया. सबसे बड़ी वजह रही कंपनी के मुनाफे में आई रिकॉर्ड बढ़त.
कंपनी का मुनाफा एक साल पहले के मुकाबले करीब 890 फीसदी बढ़ गया है. यही कारण है कि बाजार में इस शेयर को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि इस बीच एक और दिलचस्प बात सामने आई है. दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया (Ashish Kacholia Stocks) ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी थोड़ी कम की है. ऐसे में सवाल यह है कि आखिर कंपनी के नतीजे कितने मजबूत रहे और आगे निवेशकों को किन बातों पर नजर रखनी चाहिए. आइए पूरी खबर विस्तार से जानते हैं.
शेयर में लगा अपर सर्किट
करीब 4,577 करोड़ रुपये मार्केट कैप वाली यशो इंडस्ट्रीज के शेयर 31 जुलाई 2026 को 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गए. कंपनी का शेयर पिछले बंद भाव 3,218.55 रुपये के मुकाबले बढ़कर 3,862.25 रुपये तक पहुंच गया. शेयर ने 3,221 रुपये पर कारोबार की शुरुआत की थी, लेकिन शानदार तिमाही नतीजों के बाद इसमें लगातार खरीदारी देखने को मिली.
आशीष कचोलिया की हिस्सेदारी
दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया की हिस्सेदारी जून 2026 तिमाही में घटकर 2.08 फीसदी रह गई. मार्च 2026 तिमाही में उनके पास कंपनी की 2.27 फीसदी हिस्सेदारी थी. वहीं कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 67.91 फीसदी से बढ़कर 67.94 फीसदी हो गई. दूसरी तरफ विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की हिस्सेदारी बढ़कर 5.74 फीसदी पहुंच गई.
खबरें और भी
सेल्स में 55% की बढ़त
जून 2026 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन से कुल रेवेन्यू बढ़कर 307.74 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह 198.64 करोड़ रुपये था. यानी कंपनी की आय में करीब 55 फीसदी की सालाना बढ़त दर्ज हुई. वहीं मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 246.26 करोड़ रुपये था. इससे साफ है कि कंपनी की बिक्री में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है.
कंपनी की कमाई का बड़ा हिस्सा अभी भी विदेशों से आ रहा है. जून 2026 तिमाही में विदेशों से कंपनी की बिक्री 214.84 करोड़ रुपये रही. वहीं भारत में कंपनी की बिक्री 92.91 करोड़ रुपये रही. इससे साफ है कि कंपनी का कारोबार अभी भी एक्सपोर्ट बाजार पर ज्यादा निर्भर है.
मुनाफे में 890% की बड़ी छलांग
कंपनी की सबसे बड़ी उपलब्धि उसका मुनाफा रहा. जून 2026 तिमाही में यशो इंडस्ट्रीज का नेट प्रॉफिट बढ़कर 36.05 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा सिर्फ 3.64 करोड़ रुपये था. यानी कंपनी का मुनाफा करीब 890 फीसदी बढ़ गया.
कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा यानी PBT भी 5.75 करोड़ रुपये से बढ़कर 48.97 करोड़ रुपये हो गया. वहीं मार्च 2026 तिमाही के 12.26 करोड़ रुपये के मुकाबले भी कंपनी का मुनाफा लगभग तीन गुना हो गया. कंपनी का बेसिक EPS भी 3.02 रुपये से बढ़कर 29.90 रुपये पहुंच गया.
कंपनी क्या करती है?
यशो इंडस्ट्रीज मुंबई की एक स्पेशियलिटी केमिकल कंपनी है. कंपनी भारत के साथ-साथ कई विदेशी बाजारों में भी कारोबार करती है. इसकी सहयोगी कंपनियां Yasho Industries Europe B.V. और Yasho Inc. के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसकी मौजूदगी है. कंपनी का मुख्य कारोबार केमिकल्स का है और इसकी कमाई का बड़ा हिस्सा एक्सपोर्ट से आता है.
यह भी पढ़ें- अनिल अंबानी की Reliance Infra के लिए बड़ी खुशखबरी, मिलेंगे 157 करोड़ रुपये; ट्रिब्यूनल ने हक में सुनाया फैसला
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। यह ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट पर आधारित है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)