FIFA से मिली थी रफ्तार... अब Zee के शेयर को कौन देगा नई उड़ान? ये ट्रिगर्स बदल सकते हैं गेम
ZEE एंटरटेनमेंट के शेयर FIFA वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण अधिकारों के बाद 72% बढ़े, लेकिन टूर्नामेंट के बाद गिरे। अब कंपनी FIFA के अलावा बुंडेसलीगा और डि ...और पढ़ें

Zee Entertainment
HighLights
FIFA वर्ल्ड कप राइट्स से Zee के शेयर 72% उछले।
कंपनी ने 2026-2034 तक 39 FIFA टूर्नामेंट के राइट्स लिए।
अब बुंडेसलीगा और Zee5 पर फोकस, डिजिटल कारोबार में मुनाफा।
नई दिल्ली| शेयर बाजार में कई बार किसी कंपनी के शेयर सिर्फ एक बड़ी खबर की वजह से तेजी पकड़ लेते हैं। लेकिन असली सवाल यह होता है कि क्या वह तेजी लंबे समय तक टिक पाएगी। Zee Entertainment के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। FIFA World Cup 2026 के ब्रॉडकास्ट राइट्स मिलने के बाद कंपनी के शेयरों में जोरदार उछाल आया और कुछ ही महीनों में निवेशकों को करीब 72 फीसदी का रिटर्न मिला।
टूर्नामेंट खत्म होते ही शेयर में फिर गिरावट देखने को मिली। अब निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या FIFA का असर खत्म हो गया है। या फिर Zee के पास ऐसे नए प्लान हैं जो आगे भी कंपनी की कमाई और शेयर को मजबूती दे सकते हैं। आइए समझते हैं कि अब Zee Entertainment के लिए आगे की राह कैसी दिख रही है।
FIFA बना तेजी की वजह
Zee Entertainment के शेयर मार्च 2026 में करीब 68 रुपये पर थे। इसके बाद FIFA World Cup 2026 के ब्रॉडकास्ट राइट्स मिलने से शेयर में जबरदस्त तेजी आई और जुलाई 2026 के आखिर तक यह 117.32 रुपये तक पहुंच गया। यानी शेयर ने करीब 72 फीसदी का रिटर्न दिया। हालांकि इसके बाद कंपनी से जुड़ी नई घोषणाओं के बाद शेयर में 10 फीसदी से ज्यादा की गिरावट भी देखने को मिली। अब बाजार की नजर इस बात पर है कि क्या कंपनी इस मौके को लंबे समय तक कमाई में बदल पाएगी।
FIFA के कई बड़े टूर्नामेंट के राइट्स
Zee ने सिर्फ 2026 World Cup ही नहीं खरीदा है। कंपनी ने 2026 से 2034 तक होने वाले 39 FIFA टूर्नामेंट के भारत में टीवी, डिजिटल और डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स हासिल किए हैं। इसमें 2030 Men's World Cup, 2027 Women's World Cup, यूथ टूर्नामेंट और कई दूसरे इवेंट शामिल हैं। कंपनी ने इसके लिए Unite8 Sports के चार नए चैनल भी शुरू किए और Zee5 पर कई भाषाओं में मैच दिखाए।
खबरें और भी
रिपोर्ट्स के मुताबिक FIFA पहले करीब 100 मिलियन डॉलर मांग रहा था। बाद में यह रकम घटकर करीब 60 मिलियन डॉलर हुई। FE की रिपोर्ट के अनुसार Zee ने इन राइट्स के लिए 40 मिलियन डॉलर से थोड़ा ज्यादा भुगतान किया। हालांकि कंपनी ने इस रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कमाई का हिसाब अभी बाकी
FIFA World Cup के दौरान Zee को जबरदस्त दर्शक मिले। कंपनी के मुताबिक टीवी, Zee5 और सोशल मीडिया मिलाकर 1 जून से 30 करोड़ से ज्यादा यूनिक व्यूअर्स जुड़े। शुरुआती वीकेंड में ही 10 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनी। वहीं Unite8 Sports करीब 2.5 करोड़ घरों तक पहुंचा और करीब 6 करोड़ नए दर्शक कंपनी के स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म से जुड़े। लेकिन अभी तक कंपनी ने यह नहीं बताया कि World Cup की वजह से कितने नए पेड सब्सक्राइबर जुड़े, कितनी विज्ञापन कमाई हुई और कितने लोग टूर्नामेंट खत्म होने के बाद भी Zee5 पर बने रहे। ऐसे में निवेशक अब Q1 नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
Bundesliga से पूरे साल मिल सकता है फायदा
अब कंपनी सिर्फ World Cup पर निर्भर नहीं रहना चाहती। Zee ने अगले पांच साल के लिए BFL के भारत में एक्सक्लूसिव टीवी और डिजिटल राइट्स भी खरीद लिए हैं। इससे पूरे साल लगभग हर हफ्ते लाइव फुटबॉल मैच दिखाए जा सकेंगे। कंपनी का मानना है कि इससे Zee5 पर नए सब्सक्राइबर लंबे समय तक जुड़े रह सकते हैं।
कंपनी ने यह भी कहा है कि भारत में Bundesliga के फैंस पिछले चार साल में 50 फीसदी से ज्यादा बढ़े हैं। इसके अलावा Zee5 की फुटबॉल सब्सक्रिप्शन से होने वाली कमाई का 15 फीसदी हिस्सा देश के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के विकास पर खर्च किया जाएगा।
Zee5, Zee Music और नया निवेश बने बड़ी उम्मीद
कंपनी का डिजिटल कारोबार भी अब मजबूत होता दिख रहा है। FY26 में Zee5 और दूसरे डिजिटल कारोबार से कंपनी की इनकम 1,488.8 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले के मुकाबले 53 फीसदी ज्यादा है। Q4 में डिजिटल कारोबार की इनकम रिकॉर्ड 470 करोड़ रुपये रही। सबसे बड़ी बात यह रही कि Zee5 ने पहली बार एडजस्टेड EBITDA स्तर पर मुनाफा कमाया। दूसरी ओर Zee Music के पास 17.6 करोड़ से ज्यादा YouTube सब्सक्राइबर और 20 हजार से ज्यादा गानों की लाइब्रेरी है।
कंपनी भविष्य में Zee Music में रणनीतिक निवेशक लाने या अलग करने पर भी विचार कर सकती है। वहीं शेयरधारकों ने 24.95 करोड़ वारंट जारी करने की मंजूरी दी है, जिससे कंपनी को करीब 3,143.5 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इससे प्रमोटर हिस्सेदारी बढ़कर 23.79 फीसदी हो जाएगी। हालांकि इससे मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी थोड़ी कम होगी।
क्या हैं ब्रोकरेज की राय
Kotak Securities ने Zee Entertainment की रेटिंग Reduce से बढ़ाकर Add कर दी है और टारगेट प्राइस 90 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि प्रमोटर का नया निवेश और Zee Music से भविष्य में वैल्यू अनलॉक होने की संभावना शेयर के लिए अच्छी खबर हो सकती है। हालांकि कंपनी के टीवी कारोबार में अभी भी दबाव बना हुआ है।
SEBI ने Zee पर दो महीने और Punit Goenka व Subhash Chandra पर 12 महीने तक सिक्योरिटी मार्केट से जुड़े कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। साथ ही कंपनी और प्रमोटर्स पर जुर्माना भी लगाया गया है। ऐसे में अब सिर्फ FIFA की लोकप्रियता से काम नहीं चलेगा। निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि Zee5 की कमाई कितनी बढ़ती है, टीवी विज्ञापन कारोबार कितना सुधरता है और कंपनी अपने नए निवेश का इस्तेमाल किस तरह करती है
ये भी पढ़ें - Manipal Health IPO Listing: मणिपाल हेल्थ की मार्केट में शानदार एंट्री, शेयर 11% चढ़े! कितनी है कंपनी की वैल्यूएशन?
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट और एक्सपर्ट की राय पर आधारित है, यह किसी भी तरह से निवेश की सलाह नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)