छत्तीसगढ़: सक्ती के नगरदा वॉटरफॉल में दर्दनाक हादसा, पहाड़ी से गिरकर युवक की मौत
सक्ती जिले के नगरदा वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने आए एक युवक की पहाड़ी से फिसलकर मौत हो गई। यह एक सप्ताह में जिले के पिकनिक स्थलों पर दूसरी ऐसी घटना है, जि ...और पढ़ें

नगरदा वॉटरफॉल में पहाड़ी से गिरकर युवक की मौत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जांजगीर चांपा। सक्ती जिले के प्रसिद्ध नगरदा वॉटरफॉल में मंगलवार को पिकनिक मनाने आए एक युवक की पहाड़ी से फिसलकर गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवसाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ नगरदा वॉटरफॉल घूमने और स्नान करने पहुंचा था।
वॉटरफॉल की चट्टानों पर काई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही वर्षा के कारण वॉटरफॉल की चट्टानों पर काई जम गई थी। इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा।
हादसे में उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसके साथी तत्काल उसे चांपा स्थित बीडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम कराया और शव उन्हें सौंप दिया। बीडीएम अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार पोस्टमार्टम में युवक के सिर, फेफड़े और लीवर में गंभीर अंदरूनी चोटें मिलीं। चिकित्सकों का कहना है कि चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
गौरतलब है कि सक्ती जिले के पिकनिक स्थलों पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी मौत है। इससे पहले दमाऊधारा में गहरे पानी में डूबने से एक युवक की जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद लोग जोखिम उठाकर वॉटरफॉल और अन्य पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।
खबरें और भी
प्रशासन और पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वर्षा के मौसम में फिसलन वाले स्थानों, वॉटरफॉल और गहरे जल क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।