Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'टेस्‍ट क्रिकेट को जीवित कर देंगे वैभव', 1983 वर्ल्ड कप विनर ने सूर्यवंशी को 'भगवान का बेटा' कहा

    Updated: Fri, 19 Jun 2026 02:53 PM (IST)

    पूर्व भारतीय कप्‍तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि युवा बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी में टेस्ट क्रिकेट में लोगों की दिलचस्पी फिर से जगाने की क्षमता ...और पढ़ें

    वैभव सूर्यवंशी

    वैभव सूर्यवंशी

    HighLights

    1. इन दिनों श्रीलंका में हैं वैभव सूर्यवंशी 

    2. आयरलैंड-इंग्‍लैंड दौरे पर मिला मौका

    3. आईपीएल 2026 में मचाई थी तबाही 

    स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। पूर्व भारतीय कप्‍तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि युवा बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी में टेस्ट क्रिकेट में लोगों की दिलचस्पी फिर से जगाने की क्षमता है, बशर्ते वह T20 से टेस्ट क्रिकेट में सफलतापूर्वक ढल जाएं। IPL में शानदार प्रदर्शन के बाद 15 साल के वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की T20I टीम में पहली बार चुना गया है।

    टिककर खेलने की क्षमता

    श्रीकांत ने PTI से कहा, "वैभव सूर्यवंशी के बारे में मुझे जो बात पसंद है, वह यह है कि उनमें रन बनाने और खेल पर हावी होने की जबरदस्त इच्छा है। वह क्रीज पर टिककर खेलने की क्षमता भी रखते हैं। अगर वह T20 क्रिकेट से आगे बढ़कर वनडे और फिर टेस्ट क्रिकेट तक का सफर तय करते हैं तो मुझे यकीन है कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी सफल होंगे। अगर ऐसा हुआ तो आप टेस्ट क्रिकेट को फिर से नई जान मिलते हुए देखेंगे।"

    सिर्फ सूर्यवंशी को देखते हैं

    उन्‍होंने कहा, "आज आपको ऐसे ही क्रिकेटर की जरूरत है। लोग सिर्फ 'सूर्यवंशी' देखने के लिए टीवी चालू करते हैं। मैं भी 'सूर्यवंशी' देखने के लिए टीवी चालू करता हूं। उन्होंने अपने आस-पास ऐसा ही माहौल बनाया है। वह वाकई कमाल के हैं।" श्रीकांत ने कहा, "वैभव, लोग तुम्हारे बारे में क्या कहते हैं, इसकी चिंता मत करो, बस अपना स्वाभाविक खेल खेलते रहो।"

    वैभव को समय दो

    श्रीकांत ने कहा, "एक सीरीज से किसी को नहीं आंका जा सकता। उसे बस समय दो। जल्दबाजी मत करो। IPL में उसका खेल जबरदस्त था। IPL में अपने दूसरे साल में उसने दुनिया के सभी बड़े क्रिकेटरों को पीछे छोड़ते हुए सारे अवॉर्ड जीते थे। उस लड़के को काफी समय चाहिए। उसे बहुत हिम्मत और बढ़ावा देने की जरूरत है। वह अकेले दम पर मैच जिताने की क्षमता रखता है। इसलिए, मेरा मानना है कि उसे आगे बढ़ने के लिए काफी समय और मौके दिए जाने चाहिए।"

    खबरें और भी

    सही ढंग से तैयार करें

    श्रीकांत ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि उसके साथ कोई छेड़छाड़ या जल्दबाजी करनी चाहिए। उसे सही ढंग से तैयार करें। अगर उसे काफी मौके दिए जाएं और उसे सही तरह से तराशा जाए, तो वह भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार खिलाड़ी साबित होगा।" श्रीकांत ने सीनियर T20I टीम में सूर्यवंशी के शामिल होने का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भले ही यह युवा खिलाड़ी तुरंत प्लेइंग 11 में जगह न बना पाए, लेकिन नेशनल टीम के साथ रहने से उसे फायदा ही होगा।

    टीम के साथ बने रहना चाहिए

    उन्होंने कहा, "इंग्लैंड सीरीज के लिए उसे रिजर्व खिलाड़ियों में रहने दें। उसे यह समझने दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट क्या होता है। मेरा मानना है कि उसे टीम के साथ बने रहना चाहिए, भले ही उसे 11 में जगह न मिले, क्योंकि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा खेल रहे हैं और उनका खेलना तय है।"

    सचिन से तुलना न करें

    सचिन तेंदुलकर से वैभव की तुलना किए जाने पर श्रीकांत कहा, "सचिन और सूर्यवंशी की तुलना न करें। सचिन क्रिकेट के भगवान हैं और मुझे लगता है कि वैभव सूर्यवंशी भगवान का बेटा है। इसे ऐसे ही रहने दें। सचिन के आस-पास भी कोई नहीं पहुंच सकता। मुझे लगता है कि उसका दिमाग बहुत स्थिर है। उसके शॉट खेलने का अंदाज अद्भुत है। उसकी कलाई की गति, बल्ले की गति और बल्ले का स्विंग जबरदस्त है। मुझे लगता है कि यह लड़का भारत के भविष्य के लिए बहुत शानदार है।"

    यह भी पढ़ें- Vaibhav Suryavanshi के बाद अब भाई आशीर्वाद मचाएगा गदर! इस धाकड़ ऑलराउंडर की डाइट और बैटिंग के हैं चर्चे

    यह भी पढ़ें- श्रीलंकाई खिलाड़ी से लड़ाई के बाद Vaibhav Suryavanshi के खिलाफ एक्शन लेगा BCCI? सचिव देवजीत सैकिया ने किया कन्फर्म