श्रीलंकाई खिलाड़ी से लड़ाई के बाद Vaibhav Suryavanshi के खिलाफ एक्शन लेगा BCCI? सचिव देवजीत सैकिया ने किया कन्फर्म
श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच लड़ाई देखने को मिली थी। ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी
HighLights
भारत ए और श्रीलंका ए के बीच हुआ था मैच
वैभव सूर्यवंशी ने दिया था धक्का
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने दिया जवाब
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज के दौरान भारत के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का श्रीलंका ए के खिलाफ मुकाबले के दौरान आक्रामक अंदाज देखने को मिला। उन्हें श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ बहस करते हुए देखा गया। इसको लेकर सूर्यवंशी को आलोचना का सामना करना पड़ा। अब इस मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने मामले पर बयान दिया है। सैकिया से सूर्यवंशी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल किया गया। सैकिया ने सूर्यवंशी के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि ये मामला बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है और इसको लेकर मैच अधिकारी ही फैसला करेंगे।
देवजीत सैकिया ने कार्रवाई से किया इनकार
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मामले पर किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार करते हुए पीटीआई से कहा, "सोशल मीडिया पर बहुत तरह की बातें चल रही हैं कि बीसीसीआई इस मामले पर कार्रवाई करेगा। क्या आप ये चाहते हैं कि बीसीसीआई मैच रेफरी के कार्य क्षेत्र में किसी तरह का हस्तक्षेप करे। हमें ऐसे मामले में दखल नहीं देना चाहिए, जो मैच रेफरी और अंपायर के कार्य क्षेत्र में आता हो। मैदान पर हुई किसी भी तरह की घटना पर वे अपना निर्णय ले सकते हैं।"
सैकिया ने आगे कहा, "वहां पर जो कुछ भी हुआ वो खेल का हिस्सा था। इसमें बीसीसीआई का कोई रोल नहीं था। यह भूमिका मैच रेफरी की है कि अगर कुछ गलत हो रहा है, तो वे फैसला करें। ये एक व्यवस्था बनी हुई है, जिसमें अंपायर और रेफरी निर्णय ले सकते हैं।"
खबरें और भी
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ट्राई सीरीज में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में श्रीलंका को सुपर ओवर में जीत मिली। इसके बाद श्रीलंका के हलाम्बेज ने कुछ भड़काऊ टिप्पणी की और वैभव के सामने आ गए। इसके बाद माहौल गरमा गया। सूर्यवंशी ने उन्हें धक्का देकर पीछे धकेला। इसके बाद से ही वैभव पर कार्रवाई की चर्चा होने लगी। हालांकि, बीसीसीआई ने साफ इनकार कर दिया है कि 15 वर्षीय खिलाड़ी के खिलाफ किसी भी तरह की कोई कार्रवाई की जाएगी।