'मेरा ध्यान सिर्फ विकेट लेने पर अपेक्षाओं पर नहीं…', Ranji Trophy Final से पहले आकिब नबी ने भरी हुंकार
जम्मू-कश्मीर के स्टार गेंदबाज आकिब नबी ने अपनी टीम को पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहुंचाया है। मौजूदा सत्र में 55 विकेट लेकर दूसरे सबसे सफल गेंदबाज ...और पढ़ें

Ranji Trophy Final से पहले आकिब नबी ने भरी हुंकार
डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहुंचाने में स्टार गेंदबाज आकिब नबी के शानदार प्रदर्शन ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है, लेकिन अपनी जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण मैच से पहले वह दबाव में नहीं हैं। मंगलवार से शुरू होने जा रहे जम्मू कश्मीर अैर कर्नाटक् के बीच इस अहम मुकाबले से पहले उनका कहना है कि उनका ध्यान सिर्फ विकेट लेने पर है।
वह बाहरी लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दे रहे और न ही इसकी चिंता कर रहे कि उनसे क्या अपेक्षाएं की जा रही हैं। नबी रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने 16 पारियों में 12.72 के शानदार औसत से 55 विकेट लिए हैं।
लेकिन अब नबी का सामना फाइनल में आठ बार के चैंपियन कर्नाटक के मजबूत बल्लेबाजी क्रम से होगा। जिसमें भारत के बल्लेबाज लोकेश राहुल, देवदत्त पडिक्कल, करुण नायर, मयंक अग्रवाल और अच्छी फॉर्म में चल रहे रविचंद्रन स्मरण शामिल हैं।
नबी ने कहा कि मैं बस वर्तमान पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं। मैं फाइनल में अधिक विकेट लेने की कोशिश करूंगा। अपनी प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करूंगा जिससे मुझे अब तक विकेट मिले हैं। मैं उन्हीं क्षेत्रों में गेंदबाजी करूंगा जहां मैं इस सत्र में गेंदबाजी कर रहा हूं। नबी ने कर्नाटक को घरेलू मैदान पर खेलने के फायदे को भी अधिक तवज्जों नहीं दी। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। हम सब इसके लिए कई वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहे थे।