KKR vs GT: गुजरात को रुलाकर अपनी बैटिंग छोड़ अजिंक्य रहाणे की तारीफ करने लगे फिन एलन, जानिए क्या कहा
फिन एलन की शानदार पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को हरा दिया। इस मैच के बाद फिन ने अपने कप्तान अजिंक्य रहाणे की तारीफ की है। ...और पढ़ें
HighLights
फिन एलन ने की अजिंक्य रहाणे की तारीफ
फिन एलन ने गुजरात के खिलाफ खेली शानदार पारी
कोलकाता ने गुजरात को दी मात
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल-2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम को लगातार हार झेलनी पड़ी थी। हालांकि, अब टीम ने वापसी की है। तीन बार की चैंपियन ने शनिवार को अपने घर में गुजरात टाइटंस को मात दी। इस जीत के बाद कोलकाता के तूफानी ओपनर फिन एलन ने कप्तान अंजिक्य रहाणे की तारीफ की है।
कोलकाता की टीम जब खराब दौर से गुजर रही थी तब कप्तान रहाणे की जमकर आलोचना की जा रही थी। उनकी कप्तानी पर सवाल उठाए जा रहे थे। फिन ने कहा है कि उस बुरे दौर में भी टीम का माहौल अच्छा था और खिलाड़ी बाहर हो रही बातों पर ध्यान नहीं दे रहे थे।
ड्रेसिंग रूम में शांत था माहौल
फिन ने गुजरात के खिलाफ 35 गेंदों पर 93 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर कोलकाता ने गुजरात को 29 रनों से हरा दिया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए फिन ने कहा, "हमने इस सीजन एक चीज काफी शानदार की है और वो है शांत रहना। हमारी टीम को मुश्किल शुरुआत मिली थी, लेकिन ड्रेसिंग रूम का मौहाल शांत था और इसका श्रेयस सपोर्ट स्टाफ के साथ-साथ रहाणे को जाता है।"
उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि अगर हमें अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखना है तो आखिरी के दो मैच जीतने ही होंगे। इसलिए पूरा ध्यान अच्छी तैयारी करने पर है।"
अपनी बैटिंग पर की बात
फिन ने कहा कि वह शुरुआत में अपने आप पर ज्यादा दबाव डाल रहे थे और इसी कारण अच्छा खेल नहीं दिखा पा रहे थे। उन्होंने कहा, "टूर्नामेंट की शुरुआत में मैं अपने आप को दबाव में डाल रहा था और ये खुद का बनाया हुआ था। मैं क्रिकेट खेलना, बैटिंग करना पसंद है। लेकिन शायद दबाव के कारण मैं इसका लुत्फ नहीं उठा पा रहा था। कुछ मैचों में बाहर बैठने से मुझे परेशानी नहीं थी और ये अच्छा अनुभव साबित हुआ।"