आशीष नेहरा की कोचिंग स्टाइल के मुरीद हुए हरभजन सिंह, जमकर की तारीफ
हरभजन सिंह ने गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा की ऊर्जा और खिलाड़ियों से संवाद की सराहना की, उन्हें फुटबॉल कोच जैसा बताया। उन्होंने नेहरा की खेल ...और पढ़ें

आशीष नेहरा-शुभमन गिल
HighLights
हरभजन ने आशीष नेहरा की कोचिंग शैली की प्रशंसा की
नेहरा की ऊर्जा और खिलाड़ियों से संवाद को सराहा
श्रेयस अय्यर ने वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करने को कहा
पीटीआई, मुंबई। भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा फुटबॉल कोच की तरह है और उन्होंने टीम में एकजुटता भरी है। हरभजन ने जियोस्टार से कहा कि खिलाड़ियों से नेहरा का लगातार संवाद और खेल की गहरी समझ ने गुजरात टाइटंस की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि आशीष नेहरा अकेला ऐसा इंसान है जो कहीं भी, कभी भी माहौल को सहज बना सकते हैं। वह जहां भी जाते हैं, अपने आसपास सभी लोगों को सहज बना देते हैं। मैचों के दौरान नेहरा की भूमिका के बारे में हरभजन ने कहा कि वह फुटबॉल कोच की तरह है। कभी भी शांत नहीं बैठता। पूरे मैच में किसी खिलाड़ी को पकड़कर उससे बात करता रहेगा। उन्होंने कहा कि नेहरा जी को खेल की गहरी समझ है और गुजरात टाइटंस के साथ उसने जो काम किया है, वह सराहनीय है।
वर्तमान में रहें, जज्बात में नहीं बहें श्रेयस
पिछले सत्र की उपविजेता पंजाब किंग्स भले ही शानदार शुरुआत करके आईपीएल में अभी तक अपराजेय हो लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर का मानना है कि फोकस वर्तमान में रहने पर होना चाहिए। कोलकाता नाइट राइडर्स को 2024 आईपीएल खिताब जिताने के बाद पिछले साल पंजाब किंग्स से जुड़े अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग के साथ टीम की तकदीर बदल दी है। अय्यर ने जियोस्टार से कहा कि मिशन खिताब जीतना है। लेकिन मेरा मानना है कि वर्तमान में और नियंत्रण में रहने से आप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं। बहुत आगे की सोचने की जरूरत नहीं है।
मैं अपनी टीम से भी यही कहता हूं कि हम अपने लिए खेल रहे हैं, विरोधी टीम के लिए नहीं। हमें रोज प्रदर्शन में सुधार करना है। उन्होंने खिलाड़ियों के फैसले पर भरोसा करने की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया एक मैच में कैसे तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने विजय कुमार विशाक को इंपैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उतारने का सुझाव दिया था और उसने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने कहा कि मैदान पर हर खिलाड़ी मैच में होता है और सभी की राय मायने रखती है। गेंदबाज जब कुछ सुझाव देता है तो उसे मानना अहम है क्योंकि उसकी राय भी सटीक हो सकती है।