'हार्दिक का किसी ने साथ नहीं दिया', मुंबई के खिलाड़ियों पर फूटा पूर्व क्रिकेटर का गुस्सा; सूर्या-तिलक भी लपेटे में आए
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 में सफर लगभग समाप्त हो गया है। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर का टीम पर गुस्सा फूटा है और उन्होंने ...और पढ़ें

हार्दिक पांड्या

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का खराब प्रदर्शन जारी है। हार्दिक आईपीएल 2026 में बल्ले और गेंद दोनों से ही फ्लॉप रहे हैं। पांड्या के प्रदर्शन को देखते हुए भारत के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। तिवारी का कहना है कि हार्दिक को टीम से समर्थन नहीं मिल रहा है। उनके साथ कोई भी खिलाड़ी दिखाई नहीं दे रहा है।
तिवारी का मानना है कि मुंबई के लिए सीजन पहले से ही समाप्त हो चुका था। उनका ये भी कहना है कि हार्दिक को एक कप्तान के तौर पर, जो जिम्मेदारी उठानी चाहिए थी और जैसा प्रदर्शन करना चाहिए था, वो वैसा नहीं कर सके हैं। बता दें कि चेन्नई के खिलाफ मिली हार के बाद मुंबई का सफल आईपीएल 2026 में लगभग समाप्त हो गया है। वे प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गए हैं। खुद हार्दिक ने भी इस बात को स्वीकार कर लिया है।
मनोज तिवारी ने हार्दिक पांड्या पर दिया बयान
चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में मुंबई की 8 विकेट से हार के बाद क्रिकबज पर बात करते हुए तिवारी ने कहा, "मेरे हिसाब से तो पहले ही सब कुछ समाप्त हो चुका था। मैं यहां पर बैठकर खुलकर अपनी बात कहता हूं। मैंने आज तक, जो क्रिकेट देखा है, उसके आधार पर ये कह सकता हूं कि एक कप्तान के तौर पर आपको हर खिलाड़ी का विश्वास जीतना होता है। आपको एक लीडर बनना होता है। मुझे ऐसा लगता है कि हार्दिक के साथ कोई खड़ा नहीं है, उसे जिस तरह के समर्थन की जरूरत है, वो नहीं मिल रहा है।"
पूर्व बल्लेबाज ने आगे कहा, "मेरी राय में कप्तान की एक भूमिका होती है और वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। हालांकि, उनके अलावा अन्य खिलाड़ियों को भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। सूर्या का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। तिलक भी एक मैच के अलावा अच्छा नहीं कर सके हैं। टीम अगर इस तरह से प्रदर्शन करेगी, तो आपको अच्छे परिणाम कैसे मिल सकते हैं? ये बहुत ही निराशाजनक है।"
खबरें और भी
मुंबई इंडियंस में कई बड़े खिलाड़ी मौजूद
मुंबई की टीम को देखें, तो ये कागजों पर काफी मजबूत दिखाई देती है। टीम में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर जैसे खिलाड़ी हैं। हालांकि, टीम मैदान पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और उन्होंने 9 में से मात्र 2 मैचों में जीत हासिल की है।