RR vs SRH: 'पहले ही सोचा था वैभव को पहली गेंद पर आउट करूंगा', प्रफुल्ल हिंगे ने किया खुलासा; बनाया था खास प्लान
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी कर उसे सीजन की पहली हार झेलने के लिए मजबूर करने वाले गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने कहा है कि वह वैभव को पहली गेंद ...और पढ़ें

प्रफुल्ल हिंगे ने की कमाल गेंदबाजी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अपने पहले आईपीएल मैच में राजस्थान रॉयल्स के तूफानी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के युवा गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने कहा है कि वह अपने दोस्तों से पहले ही कहकर आए थे कि वैभव सूर्यवंशी को पहली ही गेंद पर आउट करेंगे। फ्रफुल्ल ने हैदराबाद को आईपीएल-2026 में दूसरी जीत दिलाने में अहम रोल निभाया।
हैदराबाद ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी की और छह विकेट खोकर 216 रन बनाए। राजस्थान की टीम 19 ओवरों में 159 रनों पर ढेर हो गई और 57 रनों से मैच हार गई। ये राजस्थान की इस सीजन की पहली हार है जिसके जिम्मेदार प्रफुल्ल हैं।
पहले ही थे तैयार
प्रफुल्ल ने पहले ही ओवर में राजस्थान के तीन विकेट लिए। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर वैभव को बाउंसर फेंककर आउट किया। ये वैभव की पहली गेंद थी और वह खाता तक नहीं खोल पाए। चौथी गेंद पर उन्होंने ध्रुव जुरेल को आउट किया और आखिरी गेंद पर लुहान डी प्रीटोरियस को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने चार ओवरों में 34 रन देकर चार विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
मैच के बाद प्रफुल्ल ने बताया कि वह इस मैच में पूरी तैयारी करके आए थे। उन्होंने कहा, "मैंने पहले ही सोच लिया था कि जब मैं पहला आईपीएल मैच खेलूंगा तो चार-पांच विकेट लूंगा। मैंने सोचा था कि मैं पावरप्ले में अच्छा करूंगा। मैं मैनिफेसटेशन में विश्वास करता हूं।"
खबरें और भी
ऐसे शुरू हुआ करियर
प्रफुल्ल ने कहा कि उन्होंने 13 साल की उम्र में क्रिकेट शुरू किया था और उन्हें लेदर बॉल क्रिकेट के बारे में पता नहीं था। उन्होंने कहा, " मैंने टेनिस क्रिकेट से शुरुआत की थी। मैं उस समय 13 साल का था और लेदर बॉल क्रिकेट के बारे में जानता नहीं था। तब पापा को बोला था कि क्लब जाना है। उन्होंने पहले मना किया, लेकिन फिर लेकर चले गए और मैं यहां तक आ गया। मैं ये अवॉर्ड अपने परिवार को डेडिकेट करता हूं।"
वैभव को आउट करने को लेकर प्रफुल्ल ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी फेवरेट विकेट रहा। मैंने पहले ही दोस्तों से कह दिया था कि पहली गेंद पर आउट करूंगा इसे। वरुण सर ने प्लान बनाने में काफी मदद की इसलिए उन्हें थैंक्यू।"