Rashid Khan ने टेस्ट से बनाई दूरी! भारत के खिलाफ एकमात्र मैच नहीं खेलने की बताई वजह
जून में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच खेल जाएगा। इस टेस्ट से पहले अफगानिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा है। ...और पढ़ें
HighLights
जून में खेला जाएगा यह टेस्ट मैच
मुल्लांपुर में खेला जाएगा मुकाबला
अफगान टीम ने खेले हैं 12 टेस्ट
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जून में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच खेल जाएगा। इस टेस्ट से पहले अफगानिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान इस टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। पीठ की सर्जरी के बाद डॉक्टरों की सलाह पर राशिद खान ने टेस्ट न खेलने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि जून में मुल्लांपुर में भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में वे शायद न खेलें।
विश्व कप पर राशिद की नजर
भारत में टेस्ट मैच खेलने का मौका भले ही अच्छा हो पर, राशिद की नजर अगले साल साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप पर है। उनकी 2023 वनडे विश्व कप के बाद पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी हुई थी। राशिद ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें क्रिकेट खेलने से मना किया है। इसके बावजूद उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। इसमें उन्होंने 54 ओवर गेंदबाजी करते हुए 11 विकेट लिए थे।
डॉक्टर ने दी है सलाह
गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मैच के बाद राशिद ने कहा, "बहुत मुश्किल सवाल है। लाल गेंद से खेलना थोड़ा कठिन है, क्योंकि डॉक्टर ने मुझे सबसे पहले यही कहा था, 'आपको लाल गेंद से दूर रहना होगा।' फिर भी मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच खेला।" राशिद ने बताया कि डॉक्टर ने कहा, 'अगर आप क्रिकेट नहीं खेलना चाहते, तो लाल गेंद वाला फॉर्मेट खेलते रहिए'।"
राशिद ने खेले हैं 6 टेस्ट
2017 में अफगानिस्तान को टेस्ट का दर्जा मिलने के बाद से उन्होंने 12 मैच खेले हैं, जिनमें से राशिद ने केवल छह में हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा, "वनडे, मुझे पसंद हैं और मैं अफगानिस्तान के लिए लंबे समय तक वनडे खेलने के लिए अच्छी स्थिति में हूं, लेकिन मुझे इस बात का ध्यान रखना होगा कि मैं कितने मैच खेलता हूं और खुद पर ज्यादा बोझ नहीं डालना है। अगर मैं लंबे समय तक खेलना चाहता हूं तो मुझे सावधानी बरतनी होगी।"
खबरें और भी
भारत में 1 टेस्ट खेला
आईपीएल के बाद भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बारे में पूछे जाने पर राशिद ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, "आप मुझसे बहुत मुश्किल सवाल पूछ रहे हैं। मुझे लगता है कि मैं पहले ही एक टेस्ट मैच (2025 में) खेल चुका हूं, इसलिए मैं आराम करूंगा और विश्व कप के लिए खुद को तैयार करूंगा।"
राशिद ने कहा, "मान लीजिए अगर उस टेस्ट मैच में मेरी पीठ में कुछ हो जाता है, तो मैं 100 टेस्ट मैच नहीं खेल सकता। अगर आप साल में एक टेस्ट मैच खेलते हैं, तो मैं 100 साल तक नहीं खेल सकता, इसलिए टेस्ट क्रिकेट में कोई लक्ष्य नहीं है।"