'सबसे खराब क्रिकेट बोर्ड', पाकिस्तान के घटिया प्रदर्शन पर पूर्व कप्तान ने मोहसिन नकवी सहित PCB को जमकर लताड़ा
पाकिस्तान को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के हाथों 194 रन की करारी शिकस्त सहनी पड़ी। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने मोहसिन नकवी की अध्यक्षता वाली पीसीबी को जमकर फटकार लगाई है।

मोहसिन नक्वी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड दौरे पर गई पाकिस्तान टीम का हाल बुरा है। बाबर आजम के नेतृत्व वाली पाकिस्तान को लॉर्ड्स टेस्ट में मेजबान के हाथों 194 रन की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इसी के साथ पाकिस्तान टीम तीन मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गई है।
पाकिस्तान टीम की खराब प्रदर्शन के कारण जमकर आलोचना हो रही है। ब्रिटीश मीडिया ने इस पाकिस्तानी टीम को पिछले 50 साल की सबसे खराब पाकिस्तानी टीम करार दिया। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने इस विश्लेषण पर सहमति जताई, लेकिन साथ ही कहा कि गाज सिर्फ खिलाड़ियों पर नहीं गिरनी चाहिए।
पीसीबी को लगाई लताड़
पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ने पीसीबी प्रशासन, चयन समिति और कोचिंग समिति पर भी उंगली उठाई और दावा किया कि टीम के खराब प्रदर्शन का जिम्मेदार बोर्ड भी है।
राशिद लतीफ ने जियो न्यूज से बातचीत में कहा, 'हर कोई पाकिस्तान टीम के बारे में बात कर रहा है। कैसे यह टीम पिछले 50 साल की सबसे खराब टीम है। मगर कोई इस बारे में बात नहीं कर रहा कि कैसे मौजूदा बोर्ड पिछले 70 साल में सबसे खराब है। कोई खराब चयन समिति और कोच के बारे में बात नहीं कर रहा है।'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर आप इन मसलों को जोड़ें तो आपको अपने सवाल के जवाब मिल जाएंगे। आपको पता चल जाएगा कि किसने टीम को बर्बाद किया। अब आप लगातार हार रहे हैं। यह सबसे खराब क्रिकेट बोर्ड है, जो कि तथ्य है।'
बल्लेबाजी बनी समस्या
पता हो कि मौजूदा टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की सबसे बड़ी समस्या उसका बल्लेबाजी विभाग बना हुआ है। मेहमान टीम एक बार भी मौजूदा सीरीज में 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। इस वजह से उनके गेंदबाजों को गलती करने के बहुत कम अंतर मिल रहे हैं।
बाबर आजम चोटिल होने के कारण पहले टेस्ट में नहीं खेल सके, लेकिन लॉर्ड्स में वापसी करके उनका प्रदर्शन खराब रहा। वो क्रमश: 8 और 6 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान के बल्लेबाजों का संघर्ष मौजूदा सीरीज में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है।
इमरान खान ने बढ़ाया विवाद
वैसे, लॉर्ड्स टेस्ट में मैदान के बाहर भी एक विवाद हुआ, जिसमें पीसीबी और स्काई स्पोर्ट्स शामिल रहे। प्रसारणकर्ता ने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों सुलेमान और काशिम का 18 मिनट का इंटरव्यू प्रसारित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने पिता की स्थिति और उपचार के बारे में बातचीत की।
खबरें आईं कि पीसीबी ने मैच से हटने की धमकी दी थी। पीसीबी का कहना था कि अगर इंटरव्यू का प्रसारण हुआ तो वो लॉर्ड्स टेस्ट नहीं खेलेगा। हालांकि, बाबर आजम और हेड कोच सरफराज अहमद ने इस तरह की योजना की जानकारी होने से इंकार किया। इस विवाद का मैच पर असर नहीं पड़ा और मेजबान ने एकतरफा जीत दर्ज रकते हुए सीरीज अपने नाम की।
