इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट से पहले संकट में पाकिस्तानी टीम, कप्तान बाबर आजम ने बढ़ाई टेंशन
इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में हार के बाद पाकिस्तान की मुश्किलें कम होने का ...और पढ़ें

बाबर आजम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, कराची। पाकिस्तान को गुरुवार से लॉर्ड्स में इंग्लैंड के विरुद्ध शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले कप्तान बाबर आजम की उपलब्धता को लेकर चिंता सता रही है। टीम के करीबी एक सूत्र ने मंगलवार को बताया कि बाबर अंगुली की चोट से जूझ रहे हैं और सूजन के कारण उनके लिए बल्ले को ठीक से पकड़ना मुश्किल हो रहा है।
बाबर को इंग्लैंड दौरे से पहले वेस्टइंडीज के विरुद्ध दूसरे टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान पहली बार अंगुली में चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने केंट में काउंटीज इलेवन के विरुद्ध तीन दिवसीय अभ्यास मैच में कुछ ओवर बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जहां उसी अंगुली पर दोबारा गेंद लगने से उनकी चोट और गंभीर हो गई। इसके बाद वह रिटायर हो गए थे।
बाबर आजम पहले टेस्ट का नहीं थे हिस्सा
चोट के कारण बाबर लीड्स में हुआ पहला टेस्ट नहीं खेल सके। पाकिस्तान यह मुकाबला तीन दिन के अंदर पारी और 103 रन से हार गया था। उनकी गैरमौजूदगी में सलमान अली आगा ने टीम की कप्तानी की थी। सूत्र ने कहा कि टीम प्रबंधन कल नेट्स में देखेगा कि बाबर बल्लेबाजी करते समय सहज महसूस कर रहे हैं या नहीं।
पाकिस्तान दो स्पिनर से साथ उतर सकता है
हालांकि, यह ऐसी चोट है जिसमें अंतिम फैसला खिलाड़ी को खुद ही लेना होगा। पाकिस्तान टीम प्रबंधन लॉर्ड्स टेस्ट में अपने दोनों स्पिनरों अली उस्मान और साजिद खान को खिलाने पर भी विचार कर रहा है। टीम को लगता है कि पिच धीमी हो सकती है और इससे स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।
