कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन! कंधे की चोट के बाद क्या मैदान में वापसी कर पाएंगे ऋषभ पंत?
भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बताया कि ऋषभ पंत कंधे की चोट से बुरी तरह घायल हैं, जिससे उनकी मूवमेंट प्रभावित हुई है।

ऋषभ पंत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विशेष संवाददाता, कोलंबो। भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने मंगलवार को कहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कंधे पर लगी चोट के कारण काफी बुरी तरह चोटिल हैं और उनकी मूवमेंट भी प्रभावित हुई है। हालांकि, टीम को उम्मीद है कि वह श्रीलंका के विरुद्ध जारी दूसरे टेस्ट के चौथे दिन मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
पंत ने टेस्ट के तीसरे दिन पूरे समय विकेटकीपिंग नहीं की। उनकी जगह ध्रुव जुरैल ने विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभाली। पंत ड्रेसिंग रूम में हाथ पर पट्टी बांधे नजर आए। उन्हें दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान कंधे पर चोट लगी थी।
ऋषभ पंत की चोट पर मोर्ने मोर्कल ने दिया अपडेट
मोर्कल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ऋषभ के कंधे पर चोट लगी है। वह काफी बुरी तरह चोटिल हैं। आज सुबह जब उन्होंने वॉर्म-अप करने की कोशिश की तो उनकी मूवमेंट थोड़ी सीमित थी। हम रातभर उनकी स्थिति पर नजर रखेंगे और उम्मीद है कि बुधवार को वह हमारे लिए विकेट के पीछे मौजूद होंगे। उनका वहां होना महत्वपूर्ण है, क्योंकि खेल को पढ़ने की उनकी क्षमता असाधारण है।
मोर्कल ने यह भी कहा कि अगर कुलदीप यादव दूसरे टेस्ट से पहले वायरल फीवर की चपेट में नहीं आए होते तो वह टीम के चयन के लिए चर्चा में जरूर होते। इससे पहले बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया था कि गॉल टेस्ट से वायरल फीवर लेकर लौटने के कारण कुलदीप को कोलंबो टेस्ट के लिए चयन में शामिल नहीं किया गया।
भारत की नजरें जल्द दो विकेट लेने पर
मोर्कल ने कहा कि भारतीय टीम बुधवार को श्रीलंका के बाकी बचे दो विकेट जल्द से जल्द हासिल कर बढ़त बनाए रखना चाहेगी। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों को लगातार सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए साझेदारी में विकेट हासिल करने होंगे। भारत के स्कोरबोर्ड पर 500 रन होने को उन्होंने टीम के लिए बड़ी मजबूती बताया।
