विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

On This Day: जसप्रीत बुमराह ने 11वें टेस्‍ट में बनाया धांसू रिकॉर्ड, वेस्‍टइंडीज कभी नहीं मिटा पाएगा ये कलंक

Updated: Tue, 25 Aug 2026 08:15 PM (IST)

Jasprit Bumrah 11Th Test Record: 25 अगस्‍त का दिन बुमराह के लिए बहुत स्‍पेशल है। भारतीय तेज गेंदबाज ने एक ...और पढ़ें

जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का डंका पूरी दुनिया में बजता है। क्रिकेट का कोई भी फॉर्मेट हो, बुमराह से बल्‍लेबाज थर-थर कांपते हैं। 25 अगस्‍त का दिन बुमराह के लिए बहुत स्‍पेशल है। भारतीय तेज गेंदबाज ने एक नए रिकॉर्ड की इबारत लिखी, जो उनसे पहले एशिया में कोई नहीं कर पाया था।

चलिए आपको जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के इस खास रिकॉर्ड और भारत की यादगार जीत से रूबरू कराते हैं। दिन था 25 अगस्‍त और साल 2019। भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच एंटीगा में पहला टेस्‍ट मैच खेला जा रहा था। वेस्‍टइंडीज ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। भारत की पहली पारी 297 रन पर सिमटी। जवाब में वेस्‍टइंडीज की पारी 222 रन पर ऑलआउट हुई।

इस तरह भारत को पहली पारी के आधार 75 रन की बढ़त मिली। भारत ने अपनी दूसरी पारी 343/7 के स्‍कोर पर घोषित करके वेस्‍टइंडीज के सामने 419 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा। इसके बाद बुमराह ने जो कारनामा किया, वो इतिहास के पन्‍नों में अमर हो गया।

बुमराह का कमाल

419 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी वेस्‍टइंडीज के बल्‍लेबाजों को जसप्रीत बुमराह (Jaspreet Bumrah Test Record vs WI) ने क्रीज पर जमने का मौका ही नहीं दिया। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 8 ओवर के स्‍पेल में 4 मेडन सहित केवल 7 रन देकर पांच विकेट झटके। बुमराह ने क्रेग ब्रेथवेट (1), जॉन कैंबल (7), डैरेन ब्रावो (2), शाई होप (2) और जेसन होल्‍डर (8) को अपना शिकार बनाया।

बुमराह के धांसू प्रदर्शन के कारण वेस्‍टइंडीज की टीम सिर्फ 26.5 ओवर में 100 रन पर ढेर हो गई। भारत ने यह टेस्‍ट 318 रन के विशाल अंतर से जीता। इस तरह भारत ने रन के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। यह रिकॉर्ड 6 साल तक कायम रहा और 2025 में टूटा जब भारत ने बर्मिंघम में इंग्‍लैंड को 336 रन से हराया।

बुमराह पहले एशियाई गेंदबाज

बुमराह अपने करियर का महज 11वां टेस्‍ट (Jasprit Bumrah 11Th Test Record) मैच खेल रहे थे। इस दौरान वो एशिया के पहले गेंदबाज बने, जिन्‍होंने ऑस्‍ट्रेलिया, इंग्‍लैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्‍टइंडीज की सरजमीं पर एक पारी में पांच या ज्‍यादा विकेट लेने का कमाल किया। बुमराह से पहले यह कमाल एशिया का कोई गेंदबाज नहीं कर पाया था। भारतीय तेज गेंदबाज ने पांच विकेट चटकाकर अपना नाम इतिहास के पन्‍नों में दर्ज करा लिया।

वैसे, बुमराह को इस मुकाबले में ईशांत शर्मा का बखूबी साथ मिला, जिन्‍होंने दो पारियों में कुल मिलाकर आठ विकेट चटकाए। ईशांत ने पहली पारी में 5 जबकि दूसरी पारी में तीन विकेट झटके। बुमराह ने मैच में कुल छह विकेट झटके। पहली पारी में एक और दूसरी पारी में पांच विकेट।

जीत के हीरो बुमराह नहीं

सबसे मजेदार बात रही कि बुमराह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद मैच का हीरो नहीं माना गया। अजिंक्‍य रहाणे को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्‍होंने पहली व दूसरी पारी में क्रमश: 81 और 102 रन बनाए। वैसे, भारत ने आगे चलकर दूसरा टेस्‍ट 257 रन से जीतकर वेस्‍टइंडीज का क्‍लीन स्‍वीप करने में सफलता प्राप्‍त की।

यह भी पढ़ें- Jasprit Bumrah की चोट ने खोली फिटनेस सिस्टम की पोल, COE और चयनकर्ताओं के बीच संवाद पर उठे सवाल

यह भी पढ़ें- IND vs SL: टेस्ट सीरीज में गेंदबाजी से कहर बरपाएंगे आकिब नबी, पूर्व दिग्गज ने श्रीलंका टीम को दे डाली चेतावनी