IND vs AFG: सचिन तेंदुलकर-विराट कोहली की राह पर शुभमन गिल, अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया अनोखा कीर्तिमान
शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली की खास लिस्ट में जगह बना ली है। ...और पढ़ें

शुभमन गिल
HighLights
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीती
शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया
गिल ने तेंदुलकर-कोहली के क्लब में मारी एंट्री
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया है। इस सीरीज में कप्तान शुभमन गिल ने शानदार खेल दिखाया और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया है। इसी के साथ गिल ने इतिहास रच दिया है और उन्होंने सचिन तेंदुलकर-विराट कोहली जैसे महान खिलाड़ियों की लिस्ट में जगह बना ली है।
गिल ने इस सीरीज में एक शतक और एक अर्धशतक लगाया, जबकि उनकी तीसरे वनडे मैच में बल्लेबाजी नहीं आई। इसके बावजूद वे सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। गिल ने इसी के साथ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
शुभमन गिल ने रचा इतिहास
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में गिल ने 2 पारियों में खेलते हुए 238 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया। उनके इसी शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया। गिल ने भारत के लिए वनडे में छठी बार इस अवॉर्ड को अपने नाम किया है। इसी के साथ उन्होंने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। रोहित ने भी 6 बार अब तक इस अवॉर्ड को अपने नाम किया है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर मौजूद हैं, जिनके नाम 15 प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड हैं।
भारत के लिए सबसे अधिक बार प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी-
- सचिन तेंदुलकर - 15
- विराट कोहली - 11
- सौरव गांगुली - 7
- एमएस धोनी - 7
- युवराज सिंह - 7
- रोहित शर्मा - 6
- शुभमन गिल - 6
भारत ने अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ किया
तीन मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला चेपॉक में खेला गया। इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के शतक के दम पर 218 रन बनाए थे। भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने इस स्कोर को बौना साबित कर दिया। रोहित ने 79 रन बनाए। उनके अलावा जायसवाल ने शतकीय पारी खेली और 110 रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ टीम इंडिया ने स्कोर को 28.4 ओवरों में हासिल कर लिया और 9 विकेट से जीत हासिल की।