RR vs GT: घर पर फिर ढेर हुई राजस्थान रॉयल्स, गुजरात से हारते ही नाम जुड़ा ये अनचाहा रिकॉर्ड
GT से मिली हार के साथ ही राजस्थान ने एक अनचाहा आईपीएल रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जिसमें उन्होंने इस सीजन में सातवीं बार विपक्षी टीम को 200 से अधिक र ...और पढ़ें

RR vs GT: राजस्थान के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Rajasthan Royals Unwanted IPL Record: आईपीएल 2026 का 52वां मैच गुजरात टाइटंस ने 77 रन से अपने नाम किया। ये मैच राजस्थान रॉयल्स के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम (RR home defeat) में गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के खिलाफ खेले गए मैच में राजस्थान को न केवल 77 रनों की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी, बल्कि उनके नाम एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया, जिसे कोई भी टीम याद नहीं रखना चाहेगी।
RR vs GT: राजस्थान के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड
दरअसल, गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में 7वीं बार विपक्षी टीम को 200 से ज्यादा रन बनाने दिए। इसके साथ ही उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 200+ रन लुटाने के ऑल-टाइम आईपीएल रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
राजस्थान ने सनराइजर्स हैदराबाद (2024) और लखनऊ सुपर जायंट्स (2025) जैसी टीमों के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी की।
शुभमन गिल की 84 रनों (44 गेंद) की पारी और साई सुदर्शन के 55 रनों की बदौलत गुजरात टाइटंस ने राजस्थान के खिलाफ इस सीजन का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। जोफ्रा आर्चर काफी महंगे साबित हुए, जिन्होंने 3 ओवर में 46 रन खर्च किए, जबकि रवींद्र जडेजा की किफायती गेंदबाजी के बावजूद राजस्थान, गुजरात के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रही।
ताश के पत्तों की तरह ढही राजस्थान की बैटिंग यूनिट
230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। गुजरात के गेंदबाजों के सामने राजस्थान का कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका। अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए 33 रन खर्च करते हुए 4 विकेट लिए। जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने भी घातक गेंदबाजी करते हुए राजस्थान की पारी को महज 152 रनों पर समेट दिया।