यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BAN W vs IND W: स्मृति मंधाना ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़कर शान से बनी नंबर-1, हरमनप्रीत कौर का टूट गया रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक जमाकर कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर् ...और पढ़ें

HighLights
- स्मृति मंधाना ने बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 55 रन बनाए
- स्मृति मंधाना टी20 प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाज बनी
- स्मृति मंधाना ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने शुक्रवार को महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार अर्धशतक जमाकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। बाएं हाथ की महिला बैटर ने दांबुला में खेले गए मुकाबले में 39 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 55 रन बनाए।
इसी के साथ स्मृति मंधाना टी20 इंटरनेशनल प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाज बन गईं हैं। मंधाना ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 28 साल की मंधाना ने 140 मैचों में 25 अर्धशतकों की मदद से 3433 रन बनाए हैं।
भारतीय महिला बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में हरमनप्रीत कौर दूसरे नंबर पर खिसक गई हैं। हरमनप्रीत कौर के 172 मैचों में एक शतक और 12 अर्धशतकों की मदद से 3415 रन हैं। कौर को महिला एशिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज 89 मैचों में 17 अर्धशतकों की मदद से 2364 रन बनाकर तीसरे स्थान पर काबिज हैं। जेमिमा रॉड्रिग्ज भारतीय महिला बैटर्स में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। जेमिमा ने 99 मैचों में 11 अर्धशतकों की मदद से 2045 रन बनाए हैं। भारत की युवा ओपनर शैफाली वर्मा टॉप-5 की लिस्ट को पूरा करती हैं। शैफाली ने 80 मैचों में 10 अर्धशतकों की मदद से 1932 रन बनाए हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें: 9वीं बार फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, 10 विकेट से बांग्लादेश को चटाई धूल
भारत की सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाली महिला बैटर्स
- 3433 - स्मृति मंधाना
- 3415 - हरमनप्रीत कौर
- 2364 - मिताली राज
- 2045 - जेमिमा रॉड्रिग्ज
- 1932 - शैफाली वर्मा
भारत की फाइनल में आसान एंट्री
बता दें कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को महिला एशिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 54 गेंदें शेष रहते हुए 10 विकेट से पटखनी दी। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 80 रन बनाए। जवाब में भारत ने 11 ओवर में बिना किसी नुकसान के लक्ष्य हासिल किया। भारत ने 9वीं बार महिला एशिया कप के फाइनल में एंट्री की।