T20 World Cup 2026 के बीच भारत को लगा बड़ा झटका, अभिषेक शर्मा अस्पताल में हुए भर्ती; बुमराह-सुंदर को लेकर भी अपडेट आया सामने
भारतीय टीम को टी-20 विश्व कप से पहले झटका लगा है। ओपनर अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हैं, जिससे उनका नामीबिया और पाकिस्तान के ...और पढ़ें

अभिषेक शर्मा की बीमारी
HighLights
अभिषेक शर्मा पेट संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती
नामीबिया और पाकिस्तान मैच में खेलना संदिग्ध
जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर अभ्यास के लिए फिट
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप में नामीबिया के विरुद्ध होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा बीमार हो गए हैं और उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय टीम को अगला मुकाबला गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के विरुद्ध खेलना है और बाएं हाथ के बल्लेबाज का इस मैच में खेलना संदिग्ध है। वहीं 15 फरवरी को पाकिस्तान के विरुद्ध होने वाले मुकाबले में भी खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण हुआ है और उन्हें बुखार भी है। रविवार को मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर हुए टीम डिनर में भी उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही थी। वह थोड़ी देर में ही वहां से चले गए थे। सोमवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को भी वह वहीं भर्ती रहे। फिलहाल टीम प्रबंधन उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अगर अभिषेक फिट नहीं हुए तो संजू सैमसन, ईशान किशन के साथ ओपनिंग करेंगे।
भारतीय टीम ने किया अभ्यास
भारतीय टीम ने मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में अभ्यास किया। इस बीच भारत के लिए अच्छी खबर है कि वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह फिट हो चुके हैं और दोनों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। वाशिंगटन को न्यूजीलैंड के विरुद्ध पहले वनडे के दौरान पसलियों में चोट लगी थी, जिसके बाद वह टी-20 सीरीज में नहीं खेले थे। वहीं बुमराह भी बुखार के कारण अमेरिका के विरुद्ध मुंबई में हुए पहले मैच में नहीं खेल पाए थे। बुमराह की अनुपस्थिति में मोहम्मद सिराज को एकादश में शामिल किया गया था। सिराज को हर्षित राणा की जगह टीम में शामिल किया गया था, जो दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वॉर्मअप मैच में चोटिल हो गए थे। हर्षित की घुटने की सर्जरी हुई है।
भारत के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा कि अभिषेक के पेट में इंफेक्शन है और हमें उम्मीद है कि वह एक या दो दिन में पूरी तरह फिट हो जाएंगे। वॉशिंगटन पूरी तरह फिट हैं और उन्होंने अभ्यास किया है। बुमराह ने भी गेंदबाजी का अभ्यास किया है। मंगलवार को अभ्यास के दौरान बुमराह ने शुरुआत में आसान तरीके से रन अप लिया ताकि उन्हें स्थिति महसूस हो सके। फिर अपने स्पाइक्स बदले और कप्तान सूर्यकुमार यादव को पूरी ताकत से गेंदबाजी की और उन्हें स्टंप्स पर खेलने पर मजबूर किया। डोएशे ने कहा, बुमराह ने 10 दिन से गेंदबाजी नहीं की, लेकिन वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और काफी बेहतर तरीके से मूव कर रहे हैं, इसलिए हम देखेंगे कि उनकी ट्रेनिंग कैसी रहती है।
खबरें और भी
सूर्या और तिलक ने वरुण की गेंदों पर किया अभ्यास
नेट सेशन के दौरान सूर्यकुमार और तिलक वर्मा ने वरुण चक्रवर्ती के सामने बल्लेबाजी का अभ्यास किया। सूर्य ने आसानी से उन्हें स्क्वॉयर के पीछे स्लाग स्वीप किया, जबकि तिलक ने एक लंबा हिट लगाया, लगभग 100 मीटर का छक्का जो टॉप टियर में गिरा, जिससे टीम के साथियों ने प्रशंसा की।
वॉशिंगटन सुंदर शुरुआती फील्डिंग ड्रिल के दौरान थोड़े सावधान दिखे और सेशन के शुरुआती हिस्से में गेंदबाजी नहीं की। उन्हें बाउंड्री के पास हेड कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया। फिर वह तेज गेंदबाजों के नेट्स पर गए और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से बात की। बाद में वॉशिंगटन और कुलदीप यादव ने बारी-बारी से तिलक वर्मा को गेंदबाजी की, जो टीम के लिए एक अच्छी बात है क्योंकि टीम प्रबंधन साइड स्ट्रेन और रिब इंजरी से उनकी रिकवरी देख रहा है।
पाक से भिड़ने को तैयार है भारत
भारतीय टीम के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा कि भारतीय टीम टी-20 विश्व कप के लीग मैच में पाकिस्तान का सामना करने के लिए मानसिक रूप से पहले ही तैयार थी और पड़ोसी देश के हाल में मुकाबले के बहिष्कार को खत्म करने के निर्णय से टीम का ध्यान केवल क्रिकेट पर केंद्रित कर दिया है। डोएशे ने मंगलवार को प्रेस कॉफ्रेंस में कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम ने कभी भी मैदान से बाहर की घटनाओं को अपनी तैयारी पर असर डालने नहीं दिया। जैसा कि मैंने कहा, हमने इस स्थिति को स्वीकार लिया था और जब तक हम वहां पहुंचते और वे मैदान में उपस्थित नहीं होते, तब तक हम यही मान कर चल रहे थे कि हम मैच खेलेंगे।
राजनीतिक मामलों से दूरी बना रहे खिलाड़ी
डोएशे ने दोहराया कि खिलाड़ी जानबूझकर इस मुकाबले से जुड़ी राजनीतिक बहस से दूरी बना रहे हैं। हम सभी राजनीति से दूर रहने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने पहले भी देश की भावनाओं और दोनों देशों के बीच की राजनीति के बारे में जिक्र किया है लेकिन मुझे लगता है कि हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण केवल क्रिकेट पर ध्यान देना है। डोएशे ने कहा कि पाकिस्तान को कोलंबो में पहले से रहने का लाभ मिल सकता है।
यह चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि पाकिस्तान पिछले दो हफ्ते से कोलंबो में है और हम पूरी तरह से अगले हफ्ते उस मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। डोएशे का मानना है कि पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर स्पष्टता से दोनों टीमों को केवल खेल पर ध्यान लगाने का मौका मिलेगा। आईसीसी ने सुनिश्चित किया है कि टूर्नामेंट सुचारू रूप से चले और अब दोनों टीम का पूरा ध्यान मैदान पर है।