विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IPL 2025: दिल्‍ली कैपिटल्‍स के 16वें कप्‍तान Axar Patel कर पाएंगे कमाल? ऑलराउंडर पर होगी खिताब जीताने की बड़ी चुनौती

Published: Thu, 20 Mar 2025 08:00 AM (IST)

दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने अक्षर पटेल को आईपीएल 2025 के लिए कप्‍तान बनाया है। अक्षर पटेल पर टीम को खिताब दिलाने ...और पढ़ें

अक्षर पटेल पर दिल्‍ली कैपिटल्‍स को चैंपियन बनाने की जिम्‍मेदारी होगी
अक्षर पटेल पर दिल्‍ली कैपिटल्‍स को चैंपियन बनाने की जिम्‍मेदारी होगी

HighLights

  1. आईपीएल 2025 में दिल्‍ली कैपिटल्‍स की कप्‍तानी करेंगे अक्षर पटेल
  2. अक्षर पटेल दिल्‍ली कैपिटल्‍स के 16वें कप्‍तान बने
  3. अक्षर पटेल पर खिताब दिलाने और टीम को एकजुट करने की चुनौती होगी

लोकेश शर्मा, जागरण नई दिल्ली। अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स का 16वां कप्तान नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाइजी ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए इस युवा ऑलराउंडर पर भरोसा जताया है। हालांकि, उनके सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी, खासकर टीम संयोजन को लेकर।

दिल्ली कैपिटल्स की ओपनिंग जोड़ी का चयन अक्षर पटेल के लिए सबसे बड़ी पहेली साबित हो सकता है। टीम के पास अनुभवी फाफ डू प्‍लेसी, केएल राहुल और विस्फोटक बल्लेबाज फ्रेजर मैकगर्क जैसे विकल्प मौजूद हैं। केएल राहुल को 14 करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा गया है, जबकि प्‍लेसी को 2 करोड़ में खरीदा गया है।

वहीं, मैकगर्क को फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया है। ऐसे में सही ओपनिंग कॉम्बिनेशन तैयार करना अक्षर के लिए एक कठिन फैसला होगा। सूत्रों की माने तो केएल राहुल से मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने के लिए दिल्ली कैपिटल्‍स की टीम मैनेजमेंट उन्हें मना रही है।

मिडिल ऑर्डर में किस पर करें विश्‍वास?

अगर ओपनिंग की समस्या हल भी हो जाती है, तो मध्यक्रम का चयन करना अक्षर के लिए एक और बड़ी चुनौती होगी। टीम के पास अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा और करुण नायर जैसे बल्लेबाज हैं, लेकिन इनमें से किसे ज्यादा भरोसेमंद माना जाए, यह सवाल बना हुआ है।

खासकर ट्रिस्टन स्टब्स की फार्म चिंता का विषय है। उन्होंने हाल ही में स्वीकार किया था कि रेड बॉल से सफेद गेंद के प्रारूप में शिफ्ट होना उनके लिए मुश्किल रहा है।

यह भी पढ़ें: IPL 2025: होली के दिन दिल्ली कैपिटल्स ने किया नए कप्तान का एलान, इस ऑलराउंडर को मिली कमान

अक्षर के साथ न हो जाए खेला

अक्षर पटेल के लिए सबसे बड़ा दबाव खुद को एक प्रभावी कप्तान के रूप में साबित करने का होगा। महेंद्र सिंह धोनी के बाद जब रवींद्र जडेजा ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभाली थी, तो न उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी चली, न ही टीम अच्छा प्रदर्शन कर पाई। अक्षर भी कहीं न कहीं इसी तरह की स्थिति से बचने की कोशिश करेंगे।

अक्षर को खलेगी गांगुली-पोंटिंग की कमी

दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन अपने सपोर्ट स्टाफ में भी बदलाव किया है। हेमांग बदानी को मुख्य कोच, वेणुगोपाल राव को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट, मुनाफ पटेल को गेंदबाजी कोच, मैथ्यू पॉट को सहायक कोच, केविन पीटरसन को मेंटर, गणेश्वर राव और एंटन रॉक्स को फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है। अक्षर को पहली बार इन सभी के साथ काम करना होगा।

वहीं पूर्व मेंटर सौरव गांगुली और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग से अक्षर के संबंध बेहद अच्छे माने जाते है। उनके चले जाने से उन्हें काफी असहाय महसूस हो सकता है। क्योंकि दोनों ही अक्षर को बल्लेबाजी और गेंदबाजी में आगे रखने का हमेशा ही प्रयास करते आए है।

कप्‍तानी का कम अनुभव

अक्षर पटेल के पास आईपीएल में सिर्फ एक मैच की कप्तानी का अनुभव है। इसके अलावा उन्होंने दो प्रथम श्रेणी, पांच लिस्ट ए और 16 टी20 मैचों में कप्तानी की है। पिछले सीजन में उन्होंने बल्ले से 235 रन बनाए थे और गेंद से 11 विकेट हासिल किए थे।

दिल्ली कैपिटल्स पिछले तीन सीजन से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है। अक्षर के सामने टीम को न केवल प्लेऑफ तक पहुंचाने बल्कि उसका पहला आईपीएल खिताब जिताने की बड़ी चुनौती होगी। वहीं उन्हें टीम में किन विदेशी चार विदेशी खिलाड़ियों को पूरे सीजन में एकादश में रखना है उनके लिए यह भी सिरदर्दी होने वाली है।

यह भी पढ़ें: Video: Virat Kohli ने बढ़ा दिया भारतीय खिलाड़ी का कद, बीच मैदान पर छुए पैर; वजह बेहद मजेदार

टीम में ट्रिस्टन स्टब्स, मिचेल स्टार्क, फाफ डू प्‍लेसी, दुष्मंथ चमीरा, डिवोन फरेरा, मैकगर्क है। इनमें से किस गेंदबाज और बल्लेबाज को टीम में रखना है इसका फैसला उन्हें बेहद सोच समझ कर ही लेना होगा। उनके जो सबसे बड़ी चुनौती है वह है टीम को पहला आईपीएल खिताब जीताना।

कितने सफल होंगे बापू

पिछले 17 आईपीएल के सीजन में टीम छह बार प्लेऑफ में तो पहुंची है, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी। इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स अरुण जेटली स्टेडियम में चार मैच खेलेगी, जबकि बाकी मुकाबले अन्य स्थानों पर होंगे। टीम फिलहाल 24 मार्च को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वाइजैग में होने वाले मैच के लिए तैयारी कर रही है।

अक्षर पिछले छह साल से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और उन्होंने टीम के उतार-चढ़ाव को करीब से देखा है। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें कप्तानी सौंपी है। अब देखना होगा कि अक्षर पटेल इस नई भूमिका में कितने सफल हो पाते हैं और क्या वह दिल्ली कैपिटल्स को उसका पहला आईपीएल खिताब दिलाने में कामयाब होंगे।

दिल्ली को प्लेऑफ में पहुंचाने वाले कप्तान की लिस्ट
दिल्ली के कप्तान प्लेऑफ
वीरेंद्र सहवाग 2008
गौतम गंभीर 2009
महेला जयवर्धने 2019
श्रेयस अय्यर 2019 और 2020
ऋषभ पंत 2021

यह भी पढ़ें: IND vs PAK: 'बापू बहुत हानिकारक है', अक्षर पटेल ने बजाई पाकिस्तान की बैंड, कर दिया सपना चकनाचूर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।