विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ben Stokes संन्‍यास लेने पर कर रहे विचार, ईसीबी ने इंग्लिश कप्‍तान को मन बदलने के लिए दिया समय

Updated: Wed, 10 Jun 2026 08:18 PM (IST)

बेन स्‍टोक्‍स अपने भविष्‍य पर जल्‍द ही फैसला ले सकते हैं। ईसीबी ने स्‍टोक्‍स को अपने विकल्‍पों पर विचार करने के लिए समय दिया है।

बेन स्‍टोक्‍स

बेन स्‍टोक्‍स

HighLights

  1. टेस्ट में अपने भविष्य को लेकर सलाहकारों से मिलेंगे स्टोक्स

  2. ईसीबी ने स्टोक्स को अपने विकल्पों पर विचार करने का समय दिया

  3. बेन स्‍टोक्‍स पर टीम प्रोटोकॉल के उल्‍लंघन का आरोप

एएनआई, लंदन। इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स अपने सलाहकारों से मुलाकात कर अपने भविष्य पर अंतिम फैसला ले सकते हैं। ऐसी अटकलें हैं कि वह संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं, जिसके चलते इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने उन्हें अपने विकल्पों पर विचार करने के लिए समय दिया है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, ईसीबी और क्रिकेट नियामक पहले टेस्ट के बाद हुई एक ऑफ फील्ड घटना की जांच कर रहे हैं। आरोप है कि स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने टीम प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया और एक नाइट क्लब में रग्‍बी खिलाड़ी टोटोआ औवा के साथ विवाद में शामिल हो गए।

प्रबंधन पर खड़े हुए सवाल

इस घटना में इंग्लैंड टीम का एक सुरक्षा अधिकारी घायल हो गया था, जिसे टांके लगाने पड़े। इस मामले ने एक बार फिर इंग्लैंड टीम की अनुशासन व्यवस्था और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी टीम के खिलाड़ियों के ऑफ फील्ड व्यवहार को लेकर चिंताएं जताई जा चुकी हैं।

टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन के कारण खिलाड़ियों पर जुर्माना या निलंबन जैसी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, ईसीबी इस बात को लेकर भी सतर्क है कि कहीं इस विवाद के चलते स्टोक्स समय से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला न कर लें।

संन्‍यास अभी एक संभावना

रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को ईसीबी की एक आपातकालीन बैठक भी हुई, जिसमें स्थिति की समीक्षा की गई। बोर्ड के भीतर यह चिंता जताई गई कि स्टोक्स और बोर्ड के बीच संवाद में तनाव के कारण वह अपना फैसला इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी घोषित कर सकते हैं।

हालांकि, संन्यास अभी भी एक संभावना है, लेकिन यह उम्मीद बढ़ रही है कि 35 वर्षीय स्टोक्स अपना मन बदल सकते हैं। वह अपने लंबे समय के सलाहकार और इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज नील फेयरब्रदर से मुलाकात कर यह तय करेंगे कि उन्हें कप्तानी जारी रखनी है, नेतृत्व छोड़ना है या फिर क्रिकेट से लंबा ब्रेक लेना है।

स्टोक्स यह भी विचार कर रहे हैं कि क्या उन्हें अपने केंद्रीय अनुबंध के तहत खेलना जारी रखना चाहिए, जो अगले एशेज के बाद 2027 तक वैध है।

यह भी पढ़ें- Ben Stokes छोड़ेंगे कप्तानी, क्रिकेट को भी कहेंगे अलविदा! नाइटक्लब कांड के बाद इंग्लिश कप्तान के फैसले से क्रिकेट जगत में मचा हड़कंप

यह भी पढ़ें- Ben Stokes से छीनी जाएगी इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी? नाइटक्लब विवाद के बाद ECB की जांच शुरू; एटकिंसन भी फंसे