ENG vs NZ: हार के बाद और गहरा हुआ इंग्लैंड का जख्म, आईसीसी ने काटे 12 अंक और ठोका मोटा जुर्माना
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने द ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को हरा दिया और इसके बाद आईसीसी ने भी इंग्लैंड पर अपना चाबूक चला दिया है। ...और पढ़ें

इंग्लैंड क्रिकेट टीम पर लगा जुर्माना
HighLights
इंग्लैंड पर आईसीसी ने लगाया मोटा जुर्माना
आईसीसी ने इंग्लैंड के अंक भी काटे
न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में दी इंग्लैंड को मात
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड क्रिकेट टीम को द ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हरा का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद उसे दोगुना नुकसान हो गया है। ऐसा नुकसान जो इंग्लैंड को काफी चुभ रहा होगा। दरअसल, आईसीसी ने इस मैच के बाद इंग्लैंड के अंक काटे हैं और भारी भरकम जुर्माना भी लगाया है।
पहला टेस्ट मैच जीतने के बाद इंग्लैंड ने सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली थी, लेकिन द ओवल में न्यूजीलैंड ने उसे 253 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया और सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। अब 25 जून से शुरू होने वाला तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच निर्णायक बन गया है।
इस बात का लगाया जुर्माना
दरअसल, आईसीसी ने इस मैच में इंग्लैंड को धीमी ओवर गति का दोषी पाया है और इसी कारण उसके 12 अंक काटे हैं। यानी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में इंग्लैंड को 12 अंकों का नुकसान हो गया है। चूंकि डब्ल्यूटीसी में एक जीत के 12 अंक होते हैं ऐसे में पहला मैच जीतकर इंग्लैंड ने जो अंक कमाए थे वो उसके हाथ से सब चले गए।
इतना ही नहीं, आईसीसी ने इंग्लैंड की टीम पर 50 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया है। ये जुर्माना भी धीमी ओवरगति के कारण लगा है। इंग्लैंड की टीम द ओवल मैदान पर तय समय में ओवर पूरे करने के मामले में 12 ओवर पीछे रह गई। टेस्ट चैंपियनशिप के नियम के मुताबिक, टीम जितने ओवर पीछे रहती है उसके उतने ही अंक काटे जाते हैं। वहीं जुर्माने को लेकर नियम है कि एक ओवर पीछे रहने पर पांच प्रतिशत मैच फीस कटती है और ये ज्यादा से ज्यादा 50 फीसदी हो सकती है जो इंग्लैंड की कटेगी।
खबरें और भी
नहीं हुई सुनवाई
इस मैच में इंग्लैंड की कप्तानी जो रूट कर रहे थे। टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स नाइट क्लब विवाद के कारण इस मैच से बाहर कर दिए गए थे। आईसीसी के बयान के मुताबिक, इंग्लैंड पर ये आरोप मैदानी अंपायर एड्रियान होल्डस्टॉक, नितिन मेनन, तीसरे अंपायर रॉड टकर और चौथे अंपायर ग्राहम लॉयड ने लगाए थे। रूट ने इन आरोपो को कबूल कर लिया है और सजा भी मान ली है। इसलिए किसी तरह की आधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।