IPL 2026: पिछले साल की कसक पूरी करेंगे ये खिलाड़ी, तूफानी वापसी को तैयार 5 धुरंधर
कई खिलाड़ी पिछले साल आईपीएल का हिस्सा नहीं थे। इस साल इन खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने दांव खेला है और ये खिलाड़ी दमदार वापसी को तैयार दिख रहे हैं। ...और पढ़ें

आईपीएल-2026 में इन धुरंधरों की होगी वापसी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप-2026 का खुमार अब ढलान पर है। इसकी जगह वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) लेने को तैयार है। लीग का अगला सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस सीजन कुछ ऐसे खिलाड़ी नजर आएंगे जो पिछले सीजन लीग का हिस्सा नहीं थे और टीवी पर बैठकर मैच देखे थे। हम आपको ऐसे ही कुछ खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे तो इस साल अपनी पुरानी कसक को पूरा करने को बेताब हैं।
आईपीएल वो मंच है जो क्रिकेटरों के पंखों को उड़ान देता है। इस लीग से खिलाड़ियों को उम्मीद रहती है कि अगर यहां अच्छा कर दिया तो सीनियर टीम के दरवाजे खुल जाएंगे। पिछले साल बाहर बैठे कुछ खिलाड़ी इस बार इसी उम्मीद के साथ उतरेंगे और कोशिश करेंगे की अपनी छाप छोड़ सकें।
इस साल वापसी करने वाले खिलाड़ी
पृथ्वी शॉ
एक समय भारत का भविष्य कहे जाने वाले पृथ्वी शॉ पिछले साल इस लीग में नहीं खेले थे। साल 2018 में दिल्ली फ्रेंचाइजी से आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले पृथ्वी लंबे समय तक इसी टीम के लिए खेले, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल उनकी फॉर्म को देखते हुए उन पर दांव नहीं लगाया। हालांकि, इस साल वह फिर इसी टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। पृथ्वी कोशिश करेंगे कि दमदार खेल दिखाते हुए टीम इंडिया के लिए अपनी दावेदारी ठोक सके। वह लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं।
सरफराज खान
घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने वाले सरफराज खान भी पिछले साल इस लीग का हिस्सा नहीं थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से अपना आईपीएल करियर शुरू करने वाले सरफराज बाद में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और फिर दिल्ली के लिए खेले। पिछले साल उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला तो सरफराज ने बाहर समय बिताया। इस साल उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख रुपये की कीमत में खरीदा। पांच बार की चैंपियन और महेंद्र सिंह धोनी जैसे महान खिलाड़ी के मार्गदर्शन में सरफराज अपने करियर को नए आयाम देने की कोशिश करेंगे। वह टीम इंडिया में वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
खबरें और भी
उमरान मलिक
अपनी तूफानी रफ्तार से बल्लेबाजों को स्तब्ध करने वाले उमरान मलिक भी इस बार आईपीएल में दिखाई देंगे। साल 2021 में सनराइजर्स हैदराबाद से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाला ये दाएं हाथ का तेज गेंदबाज इस साल कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए दिखाई देगा। उमरान चोटों के कारण लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे, लेकिन इस बार वह कोलकाता से खेलते हुए आईपीएल में अपना दम दिखाने को बेताब तो होंगे ही साथ ही टीम इंडिया में वापसी भी उनके दिमाग में होगी।
कैमरन ग्रीन
आईपीएल टी20 फॉर्मेट में खेला जाता है। इस फॉर्मेट में ऑलराउंडरों को ज्यादा तवज्जो दी जाती है और इसलिए ऑस्ट्रेलिया के उभरते हुए ऑलराउंड कैमरन ग्रीन इस साल नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बने। उन्हें कोलकाता ने 25.20 करोड़ में खरीदा था। पिछले साल वह आरसीबी में थे, लेकिन पीठ में चोट के कारण वह खेल नहीं पाए थे। इस सीजन ग्रीन पर नजरें रहेंगी कि क्या वो अपनी कीमत को जस्टीफाई कर पाते हैं या नहीं?
फिन एलन
हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप-2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक जमाकर इतिहास रचने वाले न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन भी इस बार आईपीएल में वापसी कर रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों पर शतक जमाकर फिन एलन ने बता दिया है कि वह किस फॉर्म में हैं और कितने प्रभावी हो सकते हैं। दाएं हाथ का ये तूफानी बल्लेबाज इस बार तीन बार की चैंपियन कोलकाता की जर्सी में दिखाई देगा।