Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सचिन-कोहली की तरह Vaibhav Suryavanshi में दिखता है भारत का जुनून, क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने की जमकर तारीफ

    Updated: Thu, 28 May 2026 07:36 PM (IST)

    वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में विस्फोटक पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा। उनकी बल्लेबाजी की तुलना सचिन-कोहली से की जा रही है और क्र ...और पढ़ें

    वैभव सूर्यवंशी

    वैभव सूर्यवंशी

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा जुनून है। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले ने इस दीवानगी को एक बार फिर दुनिया के सामने ला दिया। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए इस मुकाबले में वही उत्साह और रोमांच देखने को मिला, जो कभी सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी के दौर में स्टेडियमों में उमड़ता था।

    विराट कोहली आज भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ वनडे खेलने के बावजूद करोड़ों प्रशंसकों को मैदान तक खींच लाते हैं। लेकिन न्यू चंडीगढ़ में एक नए सितारे ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यह नाम था वैभव सूर्यवंशी।

    धोनी और कोहली की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं वैभव सूर्यवंशी

    भारत में क्रिकेट प्रेमियों के लिए 22 गज की पिच पर होने वाली हर घटना बेहद खास होती है। पिछले तीन दशकों में भारतीय क्रिकेट ने कई ऐसे चेहरे दिए हैं, जिन्होंने देश की भावनाओं को दिशा दी। 90 के दशक में सचिन तेंदुलकर उम्मीद और भरोसे का प्रतीक बने। इसके बाद एमएस धोनी ने छोटे शहरों से आने वाले युवाओं को बड़े सपने देखने का साहस दिया। वहीं, विराट कोहली ने अपने जुनून और आक्रामक अंदाज से भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी।

    अब इसी विरासत को आगे बढ़ाने का संकेत युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दिया है। पिछले एक साल से उनके नाम की चर्चा जरूर हो रही थी, लेकिन शायद ही किसी ने सोचा होगा कि बिहार का यह युवा बल्लेबाज प्लेऑफ जैसे बड़े मुकाबले में पैट कमिंस जैसे अनुभवी गेंदबाजों पर इतना हावी हो जाएगा। अब तक उन्हें सिर्फ भविष्य का प्रतिभाशाली खिलाड़ी माना जा रहा था।

    खबरें और भी

    सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल करने की मांग

    कुछ लोग उन्हें जल्द भारतीय टी-20 टीम में शामिल करने की मांग कर रहे थे, जबकि कई लोग धैर्य बरतने की सलाह दे रहे थे। हालांकि, 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी ने सारी बहस खत्म कर दी। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों के विरुद्ध जिस आत्मविश्वास और बेखौफ अंदाज में उन्होंने बल्लेबाजी की, उससे साफ हो गया कि वैभव सिर्फ लंबे शॉट खेलने वाले बल्लेबाज नहीं, बल्कि बड़े मंच पर मैच का रुख बदलने का दम रखने वाले खिलाड़ी हैं।

    दिग्गजों ने की वैभव की जमकर तारीफ

    • बेबी बॉस ने विश्व बॉस का रिकॉर्ड तोड़ा। इस लड़के की बल्लेबाजी अविश्वसनीय है। देखने में मजा आता है।- युवराज सिंह, पूर्व भारतीय क्रिकेटर
    • वैभव जैसे क्रिकेटर सुनिश्चित करते हैं कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है। इस टूर्नामेंट में वैभव ने जो किया है, उसे बताने के लिए शब्दकोष में पर्याप्त शब्द नहीं है। क्या शानदार खिलाड़ी है। - सुरेश रैना, पूर्व भारतीय क्रिकेटर
    • एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी की खास पारी। पहली बार आईपीएल प्लेऑफ खेलते हुए 29 गेंद में 97 रन। शानदार प्रदर्शन। - इयान बिशप, पूर्व वेस्टइंडीज क्रिकेटर
    • हम चमत्कार देख रहे हैं। भविष्य के सितारे को देख रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी वंडर बॉय को देख रहे हैं। - मोहम्मद कैफ, पूर्व भारतीय क्रिकेटर
    • सूर्यवंशी कोई मजाक है। हे ईश्वर. कवर के ऊपर से वह छक्का।- केविन पीटरसन, पूर्व इंग्लैंड बल्लेबाज
    • दबाव में भी उसकी स्पष्टता जबर्दस्त है और वह भी सिर्फ 15 वर्ष की उम्र में। पैट कमिंस अलग-अलग तरीके आजमाते रहे लेकिन उसकी लय नहीं बिगाड़ सके। इतनी कम उम्र में इतनी समझ कमाल की है।- एबी डिविलियर्स, पूर्व दक्षिण अफ्रीका क्रिकेटर

    यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी अगर ऑक्‍शन में उतरे तो टूटेंगे सभी रिकॉर्ड! वीरेंद्र सहवाग ने बताया कितने करोड़ रुपये की बोली लगेगी

    यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की वजह से यशस्वी जायसवाल छोड़ेंगे राजस्थान का साथ? 6 बार के IPL विजेता ने बताई पूरी कहानी