वैभव सूर्यवंशी अगर ऑक्शन में उतरे तो टूटेंगे सभी रिकॉर्ड! वीरेंद्र सहवाग ने बताया कितने करोड़ रुपये की बोली लगेगी
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से हाहाकार मचा रखा है। वह हर मैच के साथ एक नया इतिहास रच रहे हैं। ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से हाहाकार मचा रखा है। वह हर मैच के साथ एक नया इतिहास रच रहे हैं। बुधवार को 19वें सीजन के एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद गेंदबाजों की क्लास लगाई। वैभव ने पैट कमिंस को तारे दिखा दिए और उनके ओवर में सिक्स की हैट्रिक लगाई।
सबसे तेज शतक से चूके
वैभव ने इस मुकाबले में एतिहासिक पारी खेली और राजस्थान को जीत दिलाई। उन्होंने 12 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 29 गेंदों पर 97 रन की धुंआधार पारी खेली। हालांकि, वैभव क्रिस गेल के सबसे तेज आईपीएल शतक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए गेल ने आईपीएल 2013 में राइजिंग पुणे के खिलाफ 30 गेंदों पर सैकड़ा ठोक दिया था।
30 करोड़ रुपये मिलेंगे
वैभव की बल्लेबाजी के बारे में कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने वीरेंद्र सहवाग से पूछा कि अगर यह युवा खिलाड़ी नीलामी में आता है तो वह उसे कितने पैसे देंगे। सहवाग ने बिना किसी झिझक के कहा कि वह 30 करोड़ रुपये देंगे। पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा कि वह इस रकम से सहमत हैं।
राजस्थान ने इतने में खरीदा था
आईपीएल 2025 से पहले हुए ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने वैभव को 1 करोड़ 10 लाख में खरीदा था। 19वें सीजन से पहले राजस्थान ने उन्हें रिटेन किया था। मौजूदा सीजन में वैभव सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह 15 मैच की 15 पारियों में अब तक 680 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनकी औसत 45.33 की और स्ट्राइक रेट 242.86 की रही है। आईपीएल 2026 में वैभव अब तक 55 चौके और 65 छक्के ठोक चुके हैं। वैभव ने 610 रन तो सिर्फ बाउंड्री से ही बनाए हैं।