ICC Rankings: हैरी ब्रूक ने ट्रेविस हेड से छीना नंबर-1 का ताज, गॉल टेस्ट के 'शतकवीर' देवदत्त पडिक्कल का क्या है हाल?
आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें बड़ा बदलाव देखने को मिला है। हैरी ब्रूक ने ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ दिया है और पहला स्थान हासिल कर लिया है।

हैरी ब्रूक-देवदत्त पडिक्कल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड के लिमिटेड ओवर फॉर्मेट के कप्तान हैरी ब्रूक आईसीसी के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। ब्रूक ने ऑस्ट्रेलियाई ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। हेड हाल ही में डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे, जिसके बाद उन्हें आईसीसी की ताजा रैंकिंग में नुकसान हुआ है।
श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने अर्धशतक लगाया था, जिसकी वजह से उन्हें फायदा हुआ है। दूसरी तरफ बॉलिंग रैंकिंग में कुछ अधिक बदलाव नहीं हुआ है। टेस्ट में भारत के जसप्रीत बुमराह पहले स्थान पर मौजूद हैं। हालांकि, उसके अलावा कोई दूसरा भारतीय टॉप-10 में भी नहीं है।
हैरी ब्रूक बने नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज
आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें हैरी ब्रूक टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके 852 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को भी एक स्थान का फायदा हुआ है और वे दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन टेस्ट मैच में अर्धशतक लगाया था, उन्हें भी एक पायदान का फायदा हुआ है। स्मिथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
ट्रेविस हेड को हुआ नुकसान
ब्रूक से पहले हेड पहले स्थान पर मौजूद थे लेकिन उनका बल्ला बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में नहीं चला। इसके बाद उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। हेड तीन पायदान नीचे खिसक गए हैं। अब वे चौथे नंबर पर हैं। टेस्ट की रैंकिंग में टॉप-5 में भारत का कोई भी बल्लेबाज शामिल नहीं है। भारत के कप्तान शुभमन गिल सातवें स्थान पर हैं।
देवदत्त पडिक्कल का क्या है हाल?
पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में पहली पारी में 167 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में उनके बल्ले से 44 रन निकले। इस तरह उन्होंने मैच में 211 रन बनाए लेकिन इसका उन्हें आईसीसी की रैंकिंग में कोई फायदा नहीं मिला है। पडिक्कल अभी भी आईसीसी की टॉप-100 में भी जगह नहीं बना सके हैं। केएल राहुल ने अर्धशतक जरूर लगाया लेकिन एक पायदान वे फिर खिसक गए हैं और 35वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
