IND vs NZ: टी20 फतह के बाद अब वनडे की बारी, विश्व कप की तैयारी और 'रो-को' पर रहेंगी नजरें
भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड में शुरू हो रही वनडे सीरीज विश्व कप की तैयारियों के लिए अहम है। ...और पढ़ें

इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रोहित शर्मा और विराट कोहली (रो-को) के न्यूजीलैंड के संभावित अंतिम दौरे को लेकर भले ही सबसे ज्यादा चर्चा हो रही हो, लेकिन बुधवार से ऑकलैंड में शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारत के सामने इससे कहीं बड़ी चुनौती होगी। भारतीय टीम का अनुभवहीन तेज गेंदबाजी आक्रमण न्यूजीलैंड के लिए फायदा साबित हो सकता है।
दूसरी ओर, ऑकलैंड के ईडन पार्क की उछाल भरी पिच पर दोनों टीमों को विश्व कप की तैयारियों को परखने का अच्छा अवसर मिलेगा। बीते शुक्रवार को इसी मैदान पर न्यूजीलैंड ने चौथे टी-20 में 259 रन बनाए थे। ऐसे में वनडे में बड़े स्कोर और रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद की जा सकती है, लेकिन ईडन पार्क में वनडे का सर्वोच्च स्कोर अब भी 2007 में बना 340 रन है।
ऑकलैंड में गेंदबाजों को मिल सकती है मदद
यहां खेले गए पिछले दो वनडे में दूधिया रोशनी में बल्लेबाजी करने वाली टीमें 150 और 76 रन पर सिमट गई थीं। इससे संकेत मिलता है कि वनडे के लिए पिच को टी-20 मुकाबलों की तुलना में कम सपाट रखा जा सकता है। यदि इस पिच पर उछाल के साथ गेंद को कुछ मूवमेंट भी मिली तो यह दोनों टीमों के लिए विश्व कप की तैयारियों की अच्छी शुरुआत होगी।
रो-को पर नजरें
भारत के लिए यह सीरीज रोहित और विराट की फॉर्म को परखने का भी मौका होगी। अगले साल होने वाले विश्व कप में शुरुआती गर्मियों के दौरान उछाल भरी पिचें मिल सकती हैं। ऐसे में इन दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन टीम प्रबंधन के लिए अहम रहेगा। न्यूजीलैंड यह जानना चाहेगा कि क्या वह भारत की आक्रामक बल्लेबाजी का मुकाबला कर सकता है। पिछले दो सफेद गेंद विश्व कप में नॉकआउट मुकाबलों में भारत ने न्यूजीलैंड को पछाड़ा था। हालांकि, पिछले वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में हार के बावजूद न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पिछली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती थी।
गेंदबाजी भारत की चिंता
जसप्रीत बुमराह को टेस्ट मैचों के लिए वनडे से विश्राम दिया गया है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी में अभी कुछ सप्ताह का समय है। ऐसे में अनुभवी मोहम्मद सिराज पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी। अर्शदीप सिंह ने 18, गुरनूर बराड़ ने नौ और अंशुल कंबोज तथा आकिब नबी ने एक-एक वनडे खेला है। इन चारों तेज गेंदबाजों के पास कुल 29 वनडे का अनुभव है।
ईडन पार्क में सीधी बाउंड्री की दूरी महज 55 मीटर है। ऐसे में भारत सिराज, अर्शदीप और लंबे कद के गुरनूर बराड़ के रूप में तीन तेज गेंदबाजों को उतार सकता है। दूसरी ओर, कुलदीप यादव की जगह पर भी सवाल है। हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में टीम संयोजन में संतुलन बनाना मुश्किल है, लेकिन 11 से 40 ओवर के बीच केवल चार क्षेत्ररक्षक 30 गज के घेरे से बाहर रह सकते हैं। ऐसे में मध्य ओवरों में विकेट लेने वाला गेंदबाज बेहद जरूरी है।
भारतीय टीम का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नमन धीर।
न्यूजीलैंड का स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम साइफर्ट, हेनरी निकोल्स, टॉम लाथम, विल यंग, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, नाथन स्मिथ।
यह भी पढ़ें- 'उनकी कहानी खत्म हो चुकी है' भुवी की खराब वापसी पर भड़के अश्विन; करियर को लेकर दी चेतावनी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।