IND vs NZ: भारतीय बल्लेबाजी के साथ छोटी बाउंड्री बढ़ाएगी कीवियों की मुश्किल, लाज बचाने उतरेगी न्यूजीलैंड की टीम
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मुकाबले में ऑकलैंड के ईडन पार्क में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने ...और पढ़ें

इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने वेलिंग्टन में अपनी बल्लेबाजी से दिखा दिया कि भारतीय टीम की रन बनाने की क्षमता की कोई सीमा नहीं है। दोनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के 198 रन के स्कोर को बौना साबित कर दिया था और भारत ने महज 13.2 ओवर में 199 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
अब शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों से एक बार फिर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मैदान की छोटी सीधी बाउंड्री और आसान गति वाली पिच पर कीवी गेंदबाजों के लिए चुनौती और भी मुश्किल रहने वाली है।
ईडन पार्क की सीधी बाउंड्री
ईडन पार्क की सीधी बाउंड्री इतनी छोटी हैं कि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन भी कह चुके हैं कि यहां दर्शक खिलाड़ियों के बिल्कुल पीछे खड़े होने जैसा अहसास कराते हैं। ईडन पार्क की बाउंड्री का आकार वेलिंग्टन के हेनरी स्टेडियम से अलग है। यहां सीधी बाउंड्री छोटी, जबकि स्क्वॉयर बाउंड्री अपेक्षाकृत बड़ी हैं। मैदान का आयताकार आकार भी क्षेत्ररक्षण सजाने को चुनौतीपूर्ण बनाता है।
रिकॉर्डतोड़ दर्शकों के आने की उम्मीद
ऐसे में गेंदबाजों को अपनी रणनीति में तेजी से बदलाव करना होगा। शुक्रवार के मुकाबले में करीब 40 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, जिनमें बड़ी संख्या भारतीय प्रशंसकों की होगी। यह मुकाबला न्यूजीलैंड क्रिकेट के द्विपक्षीय सीरीज में दर्शकों की मौजूदगी के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है। इससे पहले 2019 में ईडन पार्क में भारत के विरुद्ध पुरुष और महिला टीमों के डबल हेडर मुकाबले में 36,523 दर्शक पहुंचे थे।
मेजबानों को दिखाना होगा दम
न्यूजीलैंड को अपने अनुभवी तेज गेंदबाज फर्ग्युसन की कमी खलेगी। चोट के कारण वह सीरीज के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी क्रम में फिन एलन को छोड़कर अन्य बल्लेबाजों के पास भारतीय टीम जैसी गहरी आक्रामक क्षमता नहीं दिखी है। ऐसे में मेजबान टीम को सीरीज में वापसी के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
कुलदीप या वरुण को मौका संभव
पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले चुकी भारतीय टीम के पास अगले वनडे और टेस्ट मुकाबलों को देखते हुए कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देने का मौका है। कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को इस सीरीज में अब तक खेलने का अवसर नहीं मिला है। टीम प्रबंधन इनमें से किसी को मौका दे सकता है। हालांकि, स्पिनर को शामिल करने पर निचले क्रम की बल्लेबाजी कमजोर पड़ सकती है।
शिवम दुबे को मिल सकता है मौका
अगर नीतीश कुमार रेड्डी को आराम दिया जाता है तो शिवम दुबे को मौका मिल सकता है। तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी पर भी विचार हो सकता है। उन्होंने क्राइस्टचर्च में सीरीज का पहला मैच खेला था, जिसके बाद उनकी जगह प्रिंस यादव को शामिल किया गया। दूसरे और तीसरे टी-20 से बाहर रहे ईशान किशन की उपलब्धता भी उनकी ग्रोइन चोट से उबरने पर निर्भर करेगी।
भारतीय टीम सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में टीम प्रबंधन के सामने एक ओर जीत का सिलसिला कायम रखने, तो दूसरी ओर आगामी वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए खिलाड़ियों को तरोताजा रखने की चुनौती होगी।
भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, नमन धीर, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव, कुमार कुशाग्र, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम साइफर्ट, बेवन जैकब्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, डेवोन कॉन्वे, माइकल ब्रैसवेल, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, मैट फिशर, काइल जैमीसन, जैकब डफी, एडम मिल्ने, जोश क्लार्कसन।
यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ करने के लिए तिलक वर्मा ने भरी हुंकार, चौथे T20I से पहले कीवियों को दी चेतावनी
यह भी पढ़ें- IPL की तरह WPL को भी बड़ा बनाएगा BCCI, सचिव देवजीत सैकिया ने बताया पूरा प्लान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।