RCB की नजर खिताब बचाने पर, IPL 2026 के ओपनिंग मैच में आज बेंगलुरु का सामना हैदराबाद से होगा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) शनिवार से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपना खिताब बचाने के लिए प्रतिबद्ध होगा। ...और पढ़ें

आज से आईपीएल का आगाज।
HighLights
रजत पाटीदार और ईशान किशन के प्रदर्शन पर नजर
बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच खेले गए 25 मुकाबले
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगी यह टक्कर
बेंगलुरु, पीटीआई। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) शनिवार से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपना खिताब बचाने के लिए प्रतिबद्ध होगा, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस अपनी खोई प्रतिष्ठा हासिल करने की कोशिश करेंगे। IPL में अगले दो महीनों में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ कुछ युवा खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी जो अच्छा प्रदर्शन करके अपनी छाप छोड़ने में कोई कसर नहीं रखेंगे।
आरसीबी टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेगा और उसका लक्ष्य शानदार शुरुआत करना होगा। हालांकि, आरसीबी और सनराइजर्स दोनों के पास गेंदबाजी संसाधनों की कमी है। आरसीबी को जोश हेजलवुड और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल के बिना खेलना होगा।
दोनों ने 2025 के विजयी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इस वर्ष वे अधिकतर मैचों में बाहर रहेंगे। हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया में चोट से उबरकर पूरी तरह फिट होने के लिए प्रयास कर रहे हैं और वह बाद में टीम में शामिल हो सकते हैं। यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे यश दयाल पूरे सत्र से बाहर रहेंगे। आरसीबी को अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, स्पिनर क्रुणाल पांड्या, सुयश शर्मा और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मंगेश यादव पर काफी हद तक निर्भर रहना होगा।
सपाट पिचों पर कड़ी चुनौती का करना पड़ सकता है सामना
सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को कार्यवाहक कप्तान बनाया गया है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस बेंगलुरु पहुंच गए हैं, लेकिन वह शुरुआती मैचों में कप्तानी नहीं करेंगे। सनराइजर्स के बैकअप विकल्प ज्यादा भरोसेमंद नहीं लगते। ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और हर्ष दुबे को सपाट पिचों पर कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। दोनों टीमें अपनी गेंदबाजी की कमजोरी का बल्लेबाजी से भरपाई करना चाहेंगी।
खबरें और भी
आरसीबी की टीम
रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बैथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रासिख सलाम, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, जार्डन काक्स, विहान मल्होत्रा, कानिष्क चौहान, विक्की ओस्तवाल।
हैदराबाद की टीम
ईशान किशन (कप्तान), पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, जयदेव उनादकट, लियाम लिविंगस्टोन, नितीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, समारन रविचंद्रन, सलिल अरोरा, हर्षल पटेल, कामेंदु मेंडिस, हर्ष दुबे, ब्राइडन कार्से, शिवांग कुमार, क्रेंस फुलेटरा, डेविड पायने, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा, शाकिब हसन, ओंकार तरमाले, अमित कुमार, प्रफुल हिंगे, शिवम मावी।
तीन टीमों के पास 13 आईपीएल खिताब
मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के पास कुल मिलाकर 13 आईपीएल खिताब हैं। लेकिन पिछला सत्र उनके लिए अच्छा नहीं रहा था। मुंबई की टीम पिछले सत्र में चौथे स्थान पर रहकर प्लेआफ में पहुंची थी। पांच बार की चैंपियन यह टीम अपने इस प्रदर्शन में सुधार करने की कोशिश करेगी। वहीं, केकेआर और सीएसके क्रमश: आठवें और दसवें स्थान पर रहे थे। उन्होंने अपनी टीमों में काफी बदलाव किया है।
सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान संजू सैमसन को टीम में शामिल किया तथा मैट हेनरी और नूर अहमद को भी टीम में जोड़ा है। सीएसके की टीम महेंद्र सिंह धोनी से संभवत: आखिरी बार शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करेंगी, जिन्होंने आईपीएल में अपने भविष्य को लेकर संशय बनाए रखा है। केकेआर ने टिम साइफर्ट, फिन एलन, रचिन रविंद्र और कैमरन ग्रीन को शामिल करके अपनी बल्लेबाजी को मजबूती दी है।
कप्तान अजिंक्य रहाणे शीर्ष क्रम में टीम को एकजुट रखने की भूमिका निभाएंगे और उप-कप्तान रिंकू सिंह को उस फिनिशर की भूमिका में ढलना होगा जो आंद्रे रसेल ने 2014 से लेकर पिछले साल संन्यास लेने से पहले तक निभाई थी। गेंदबाजी में उनके पास वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण के रूप में दो तुरुप के पत्ते हैं, लेकिन उनका तेज गेंदबाजी विभाग कमजोर है।
रॉयल्स-टाइटंस एक और खिताब की कोशिश में
आईपीएल के पहले सीजन की चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस अपने नाम पर एक और खिताब जोड़ने की कोशिश करेंगे, जबकि दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपरजायंट्स अपना पहला खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगे। इस आईपीएल में कोहली और रोहित पर भी नजर टिकी रहेगी। इन दोनों को कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है लेकिन वे हमेशा की तरह दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
कोहली ने पिछले साल आरसीबी की आईपीएल में पहली खिताबी जीत के साथ अपने शानदार रिकॅर्ड में एक और ट्रॉफी जोड़ ली। यह देखना दिलचस्प होगा कि यह खिलाड़ी अपने पूर्व के प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहता या नहीं। कोहली की चुनौती खुद से भी होगी। जनवरी में न्यूजीलैंड के विरुद्ध घरेलू वनडे सीरीज के बाद उन्हें भरपूर आराम मिल चुका है। वहीं, रोहित ने भी अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेला था। एक बल्लेबाज के रूप में उन्होंने आईपीएल में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया है।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
पिछली प्रतियोगिताओं की तरह इस बार भी कई ऐसे खिलाड़ी अपना प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेंगे, जिन्होंने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। इन खिलाड़ियों में दिल्ली कैपिटल्स के आकिब नबी, राजस्थान रॉयल्स के कार्तिक शर्मा, सीएसके के प्रशांत वीर आदि शामिल है।