IPL 2026: 'पांच पांडव मचाएंगे तांडव', आईपीएल के पहले मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें
आईपीएल-2026 का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में खेला जाना है और इस मैच में स्टार खिलाड़ियों की भरमार है। हम आपको बतो ...और पढ़ें

आरसीबी और हैदराबाद के बीच होना है पहला मैच (एआई जेनेरेटेड इमेज)
HighLights
आईपीएल के पहले मैच में भिड़ेंगे आरसीबी और हैदराबाद
पहले मैच में रनों की बारिश होने की उम्मीद
मौजूदा विजेता है आरसीबी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को जिस पल का इंतजार था उसे खत्म होने में एक दिन का समय बचा है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का अगला सीजन शनिवार से शुरू हो रहा है। आईपीएल-2026 के पहले मैच में मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। दोनों टीमों के पास तूफानी बल्लेबाज हैं और इसलिए इस मैच में रनों की बारिश होने की पूरी उम्मीद है।
सीजन का पहला मैच ही दो बैटिंग पावरहाउस टीमों के बीच में हैं जिनमें एक से एक स्टार हैं। ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको खेलते देखना हर कोई चाहता हैं। हम आपको ऐसे पांच खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं जिनके ऊपर इस मैच में सबसे ज्यादा फोकस रहेगा। चूंकि ये मैच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हैं तो बल्लेबाजों का बोलबाला तय है।
इन 5 खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
विराट कोहली
विराट कोहली मैदान पर हों वो भी चिन्नास्वामी में और उन पर फोकस न हो! ये हो ही नहीं सकता। विराट चिन्नास्वामी स्टेडियम की जान हैं। वह जब भी इस मैदान पर उतरते हैं फैंस पागल हो जाते हैं। विराट अब सिर्फ वनडे खेलते हैं इसलिए उनको खेलते देखना फैंस को अब कम ही नसीब होता है। इसलिए कोहली को देखने के लिए फैंस पागल होंगे। ऐसे में उन पर फोकस रहेगा कि वह कैसे खेलते हैं। क्या कोहली अपनी बल्लेबाजी से फैंस को राहत दे पाएंगे? इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
जैकब बैथल
इंग्लैंड का युवा बल्लेबाज जिसने टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के पसीने छुड़ा दिए थे। जैकब बैथल का बल्ला भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में जमकर चला था और इसी कारण टीम इंडिया 250 से ज्यादा रन बनाने के बाद भी सिर्फ सात रनों से जीत हासिल कर पाई थी। आरसीबी के लिए आईपीएल में बैथल उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे।
खबरें और भी
ईशान किशन
कमबैक करना बहुत मुश्किल होता है। कई खिलाड़ी टीम इंडिया से बाहर चले जाते हैं तो फिर वापस नहीं आ पाते, लेकिन ईशान किशन ने सारी कहानी पलट दी। घरेलू क्रिकेट में वो दम दिखाया कि टी20 वर्ल्ड कप टीम में आ गए और आए भी तो ऐसे कि तूफानी रफ्तार में रन बरसाकर भारत को विश्व चैंपियन बना दिया। ईशान सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा हैं और पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण वह टीम की कप्तानी भी करेंगे। देखना होगा कि ईशान कप्तानी के दबाव में अपनी वर्ल्ड कप वाली फॉर्म जारी रख पाते हैं या नहीं।
अभिषेक शर्मा
बाएं हाथ के तूफानी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से टी20 वर्ल्ड कप में काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह उन पर खरा नहीं उतरे थे। हालांकि, फाइनल में उन्होंने जरूर अर्धशतक जमाया था। वर्ल्ड कप के दौरान अभिषेक की कमजोरी पकड़ी गई थी। हर टीम ने उनके खिलाफ शुरुआत में ही ऑफ स्पिनर लगा दिया था और यह बल्लेबाज जाल में फंस गया था। आईपीएल में देखना होगा कि क्या अभिषेक अपनी इस कमजोरी से पार पा पाएं हैं या नहीं।
हर्ष दुबे
घरेलू क्रिकेट में विदर्भ से खेलते हुए हर्ष दुबे ने काफी प्रभावित किया है। वह सनराइजर्स हैदराबाद में चुने गए हैं। बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष को प्लेइंग-11 में जगह मिलने की संभावना है। अगर वह खेलते हैं तो सेलेक्टर्स से लेकर फैंस तक उन पर नजरें जमाएं होंगे।