IRE vs IND 2nd T20I Preview: सीरीज बराबरी के लिए भारत को बेहतर बल्लेबाजी की जरूरत, वैभव को मिल सकता मौका
श्रेयस अय्यर की टीम पहले मैच में मिली चौंकाने वाली हार के बाद सीरीज बराबर करने की कोशिश करेगी। ...और पढ़ें

वापसी पर भारत की नजर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बेलफास्ट, पीटीआई। पहले टी-20 मुकाबले में हार के बाद अब भारतीय टीम पर रविवार को बेलफास्ट में आयरलैंड के विरुद्ध होने वाले दूसरे और आखिरी टी-20 मैच में स्टार खिलाड़ियों से सजे शीर्ष क्रम पर पिछली हार की भरपाई करने का दबाव होगा। श्रेयस अय्यर की टीम पहले मैच में मिली चौंकाने वाली हार के बाद सीरीज बराबर करने की कोशिश करेगी।
टी-20 विश्व कप जीतने के बाद अपना पहला मैच खेल रहे मौजूदा चैंपियन को शुक्रवार को एक बड़ा झटका लगा, जब आयरलैंड ने 182 रन का बचाव करते हुए भारत को 148 रन पर ऑलआउट कर दिया और भारत के विरुद्ध अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की।
अय्यर से ऐसी उम्मीद नहीं थी
963 दिनों के बाद अंतरराष्ट्रीय टी-20 में वापसी और भारत के टी-20 कप्तान के तौर पर अपने पहले असाइनमेंट में अय्यर ने ऐसी शुरुआत की उम्मीद नहीं की होगी। बुधवार से चेस्टर-ले-स्ट्रीट में इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मैचों की सीरीज शुरू हो रही है भारत के टी-20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह लेने वाले अय्यर आयरलैंड के छोटे से दौरे का समापन जीत के साथ करना चाहेंगे।
पहले मैच में सबसे बड़ी चिंता भारत की बल्लेबाजी का लड़खड़ाना थी। तीन महीने पहले भारत के विश्व कप हीरो रहे संजू सैमसन सिर्फ चार गेंदें ही खेल पाए और पदार्पण करने वाले जय मूंदड़ा का पहला शिकार बन गए। वहीं ईशान किशन, अय्यर भी फ्लाप रहे। दूसरी ओर अभिषेक शर्मा ने अपने सामान्य आक्रामक अंदाज में खेलना जारी रखा।
खबरें और भी
सूर्यवंशी के पर्दापण की संभावना कम
युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बारे में कई लोगों को उम्मीद थी कि वे पहले मैच में अंतरराष्ट्रीय पर्दापण करेंगे। हालांकि उनके फिर से बाहर रहने की उम्मीद है, क्योंकि भारत एक हार के बाद शीर्ष क्रम में बदलाव नहीं करेगा। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को टीम में शामिल करने के लिए बदलाव करने होंगे, शायद सैमसन को बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजना पड़े और वांशिंगटन को बाहर करना पड़े।
दूसरी ओर गेंदबाजी विभाग में कई अच्छे संकेत हैं। घुटने की चोट के कारण चार महीने बाहर रहने के बाद हर्षित राणा ने शानदार वापसी की है और अपनी वेरिएशन का समझदारी से इस्तेमाल करते हुए पिछले मैच में 3/24 के आंकड़े हासिल किए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने भी अच्छी गेंदबाजी की, खासकर डेथ ओवर्स में। हालांकि, अय्यर के तेज गेंदबाजों को शुरुआत में ही इस्तेमाल करने के फैसले के कारण भारत के पास आखिरी ओवर्स में विकल्प कम पड़ गए।
भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।
आयरलैंड टीम
लोर्कन टकर (कप्तान और विकेटकीपर), रास अडायर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जार्ज डाकरेल, स्टीफन डोहेनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गैविन होए, मैथ्यू हालार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंदड़ा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, रूबेन विल्सन।
यह भी पढ़ें- आयरलैंड के खिलाफ हार के साथ श्रेयस अय्यर के नाम जुड़ा कलंक, विराट कोहली के 'फ्लॉप क्लब' में हुए शामिल