IND vs AFG Test: मानव सुथार का टेस्ट डेब्यू में कमाल, पहले ओवर में लिया विकेट; बोले- कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा
अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में भारत की ओर से मानव सुथार ने डेब्यू किया। कुलदीप यादव ने सुथार को डेब्यू कैप सौंपी। ...और पढ़ें

मानव सुथार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में भारत की ओर से मानव सुथार ने डेब्यू किया। कुलदीप यादव ने सुथार को डेब्यू कैप सौंपी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित कर दी। सुथान ने 41 गेंदों पर 28 रन बनाए।
इसके बाद पहली पारी में बैटिंग करने उतरी अफगानिस्तान को मानव ने पहला झटका दिया। चाय काल से पहले शुभमन गिल ने सुथार को गेंद थमाई। अपने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर मानव ने अब्दुल मलिक (16) को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच आउट कराया।
गली क्रिकेट से सीखे
राजस्थान के 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज ऑलराउंडर मानव सुथार ने घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने को अपनी पहली भारतीय टीम में जगह बनाने का श्रेय दिया। सुथार ने जियोस्टार पर कहा, "क्रिकेट हमेशा से मेरे परिवार का एक अहम हिस्सा रहा है। मेरे पिता को क्रिकेट बहुत पसंद है और घर में सभी लोग नियमित रूप से मैच देखते हैं। बचपन में मैं भी उनके साथ बैठकर मैच देखा करता था। यहीं से क्रिकेट के प्रति मेरा प्यार जागा। मैंने अपने दोस्तों के साथ गलियों में खेलना शुरू किया। उन गली के खेलों ने मुझे बुनियादी बातें सिखाईं, बल्ला पकड़ना और गेंदबाजी करना सिखाया।"
मैं करियर बना सकता हूं
उन्होंने कहा, "जब मैं 10 या 11 साल का था, तब मैंने एक क्रिकेट अकादमी ज्वॉइन की। मैंने धीरज सर और विनोद सर के अंडर ट्रेनिंग लेना शुरू किया। उन्होंने मुझे सही तकनीक सिखाई और मेरे खेल को बेहतर बनाने में मदद की। मेरी पहली बड़ी सफलता तब मिली जब मैंने अंडर-14 कैटेगरी में राजस्थान के लिए खेला। उस अनुभव ने मुझे बहुत प्रेरणा दी। मुझे एहसास हुआ कि मैं इस खेल में अपना करियर बना सकता हूं। वहीं से एक क्रिकेटर के रूप में मेरी यात्रा की सही मायने में शुरुआत हुई।"
खबरें और भी
कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा
सुथार ने कहा, "भारत जैसे विशाल जनसंख्या वाले देश में क्रिकेट में सफल होना कभी आसान नहीं होता। इतने सारे प्रतिभाशाली खिलाड़ी कुछ ही जगहों के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं। मुझे रास्ते में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने मुझे अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में कोई संभावना नहीं है और मैं अपना समय बर्बाद कर रहा हूं।"
मानव ने कहा, "मैंने उनकी बात नहीं सुनी। मैंने हार नहीं मानी। मैं लगातार कड़ी मेहनत करता रहा, एक सीजन से दूसरे सीजन तक। मेरा घरेलू सीजन शानदार रहा। मैंने इंडिया ए के लिए भी अच्छा प्रदर्शन किया। मुझे पता था कि बुलावा कभी भी आ सकता है। यह इंतजार का खेल था, लेकिन मैंने धैर्य बनाए रखा।"
129 विकेट चटकाए थे
सुथार ने रणजी ट्रॉफी 2022-23 के छह मैचों में 39 विकेट लिए थे। 2025-26 में खेले 3 रणजी मैचों में उन्होंने 18 विकेट चटकाए। सुथार ने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2024 में गुजरात टाइटंस की ओर से आईपीएल डेब्यू किया। पहले सीजन में केवल एक मैच खेला। उन्हें 2025 में खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन 2026 में उन्होंने चार मैच खेले।
सभी लोग भावुक हो गए थे
उन्होंने बताया कि टेस्ट टीम में चयन की खबर सुनकर उनके परिवार में सभी भावुक हो गए थे। मानव ने कहा, "मैं अपने कमरे में था जब मेरी बहन ने मुझे फोन किया। उसने बताया कि भारतीय टीम में मेरा नाम आया है। मैंने उससे पूछा कि क्या यह पक्का है। उसने कहा 'हां'। फोन आते ही सब भावुक हो गए। पापा-मां ने मुझे फोन किया। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था। मैं इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता। यह सबसे बड़ा एहसास है। आप सालों मेहनत करते हैं, फिर आखिरकार भारत के लिए आपका चयन हो जाता है। यह मेरे जीवन का सबसे बेहतरीन पल है।"