PBKS vs GT: प्रसिद्ध के इम्पैक्ट पर भारी पड़े कोनोली, अर्शदीप का सबसे लंबा ओवर; 44 गेंदों में यूं पलटा IPL मैच
PBKS vs GT: पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराया। प्रसिद्ध कृष्णा ने 'इम्पैक्ट प्लेयर' के रूप में शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए ...और पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। GT Prasidh Krishna Impact Player। पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से भले ही हराया हो, लेकिन ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में उतरे प्रसिद्ध कृष्णा (3/29) की शानदार गेंदबाजी ने एक समय एकतरफा दिख रहे इस मुकाबले को रोमांचक बना दिया था।
न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम 12 ओवर में दो विकेट पर 110 रन बनाकर आसान जीत की ओर बढ़ रही थी, लेकिन प्रसिद्ध ने अपने शुरुआती दो ओवर में ही श्रेयस अय्यर, शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस को आउट कर पंजाब को मुश्किल में ला दिया था।
प्रसिद्ध ने इन दो ओवर में केवल 6 रन खर्च किए और तीन विकेट झटके। हालांकि एक छोर पर डेब्यू कर रहे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली जमे रहे और जीत दिलाकर ही लौटे। पंजाब ने 19.1 ओवर में सात विकेट पर जीत दर्ज की।
कूपर कोनोली का यादगार डेब्यू
कोनोली ने अपने आईपीएल डेब्यू को यादगार बनाते हुए 44 गेंदों में शानदार 72 रन की पारी खेली। प्रियांश आर्या के जल्द आउट होने के बाद आए कोनोली ने प्रभसिमरन (37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। दोनों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
खबरें और भी
एक छोर से गिर रहे विकेटों के बावजूद कोनोली ने संयम नहीं खोया और एक छोर पर डटे रहे। कूपर कोनोली ने पांच छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
चोटिल हुए श्रेयस
कोनोली के एक शाट पर कप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए। 11वें ओवर में राशिद खान की गेंद पर कोनोली ने बहुत तेज शाट लगाया और श्रेयस को संभलने का मौका ही नहीं मिला। गेंद उनके हाथ पर लगी और वह मैदान पर गिर गए। डगआउट में बैठे कोच रिकी पोंटिंग के माथे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट रूप से दिख रही थीं, लेकिन फिजियो से उपचार लेने के बाद श्रेयस फिर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हुए। हालांकि अगली ही गेंद पर पंजाब के कप्तान आउट हो गए।
Prasidh Krishna को लाने में हुई देरी
इस मैच में शुभमन गिल ने प्रसिद्ध को 13वें ओवर में गेंद सौंपी, जब तक पंजाब की टीम 100 रन का आंकड़ा पार कर चुकी थी। प्रसिद्ध ने पहली ही गेंद पर अय्यर को आउट किया और अपने अगले ओवर में शशांक और स्टोइनिस को आउट कर गुजरात की वापसी करा दी। इस बीच वाशिंगटन नेे नेहाल को आउट कर पंजाब पर दबाव बना दिया।
स्लोअर गेंदों में फंसे गुजरात के बल्लेबाज
टॉस जीतकर पंजाब ने गेंदबाजी चुनी। आसमान में छाए बादलों और तेज हवाओं के बीच पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने शार्ट, वाइड यार्कर और स्लोअर बाउंसर गेंदों के जाल में गुजरात टाइंटस के बल्लेबाजों को ऐसा फंसाया कि वह रन बनाने के लिए तरस गए। शुरुआती तीन ओवर को छोड़ दें तो पंजाब के गेंदबाजों ने गुजरात का रनरेट नौ के भीतर ही रखा।
विजयकुमार ने तीन, चहल ने दो विकेट चटकाए, लेकिन जिस गेंदबाज ने गुजरात के बल्लेबाजों के दबाव में रखा, वो थे जेनसेन। जेनसेन ने भले ही एक विकेट लिया, लेकिन उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर में केवल 20 रन दिए।
अर्शदीप सिंह ने फेंका 11 गेंद का ओवर
वहीं अर्शदीप सिंह को स्विंग तो मिली लेकिन वह लाइन लेंथ से भटक गए और अंतिम ओवर में 14 रन देकर उन्होंने गुजरात को 162 के स्कोर तक पहुंचा दिया। अंतिम ओवर फेंकने आए अर्शदीप अपनी लाइन से पूरी तरह भटके दिखे। उन्होंने वाइड से शुरुआत की और फिर एक नो बाल फेंकी। इसके बाद फ्री हिट से बचने के लिए लगातार राशिद के पैरों पर यार्कर गेंद फेंकी, लेकिन ये वाइड हो गई। अर्शदीप ने 11 गेंद फेंकने के बाद ओवर पूरा किया और इसके साथ ही वह ऐसा करने वाले आइपीएल के छठे गेंदबाज बन गए।